जेलर के वाहन पर फायरिंग मामला:गोलीबारी में जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू के गुर्गों का हाथ होने की बात सामने आ रही है !

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह के केंद्रीय कारा के जेलर प्रमोद कुमार के वाहन पर फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैली है। पुलिस इस मामले का हर हाल में उदभेदन करने में जुटी है।जिले के एसपी अमित रेणू के निर्देश पर सदर एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह व मुफस्सिल थाना प्रभारी विनय राम दलबल के साथ जुटे हुए हैं। टेक्निकल सेल की टीम भी अनुसंधान में जुटी है।इस बीच यह बात सामने आ रही है कि दिनदहाड़े गोली चलाने की इस घटना के पीछे कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू के गुर्गों का हाथ है।कहा जा रहा है कि जेलकर्मियों के अंदर दहशत फैलाने के उद्देश्य से ही यह गोली चलायी गई थी।बताया जाता है कि गैंगस्टर अमन साहू पिछले 07 अप्रैल 2022 से गिरिडीह केंद्रीय कारा में बंद है। इससे पहले अमन साव राँची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद था। राँची से उसे हजारीबाग केंद्रीय कारा शिफ्ट किया गया। इसके बाद अमन को कोलकाता जेल ले जाया गया। कोलकाता के बाद उसे एक दिन के लिए पाकुड़ जेल में भी रखा गया। पाकुड़ के बाद अमन को गिरिडीह केंद्रीय कारा में शिफ्ट किया गया है। कहा जा रहा है कि गिरिडीह केंद्रीय कारा में बंद अमन साहू की मनमानी जेल अधीक्षक अनिमेश चौधरी और जेलर प्रमोद कुमार चलने नहीं दे रहे हैं। इससे ही अमन नाराज चल रहा है। इधर कहा जा रहा है कि जिस वाहन पर फायरिंग हुई है। उस वाहन पर जेल अधीक्षक चलते थे।फिलहाल मामले की पुलिस जांच कर रही है और गोलीबारी करने वाले अपराधियों की तलाश में जुटी है।

error: Content is protected !!