झारखण्ड पुलिस मुख्यालय में लगी आग,आग पर काबू पा लिया गया,शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका

राँची।झारखण्ड पुलिस मुख्यालय में बृहस्पतिवार की दोपहर अचानक आग लग गई।आग लगने से अफरा तफरी मच गई।बताया जा रहा है कि पुलिस मुख्यालय के दूसरे फ्लोर पर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।आग लगने के पीछे कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।लेकिन शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।आग लगने की वजह से दूसरे फ्लोर पर पूरा धुंआ भर गया।पुलिस मुख्यालय में मौजूद कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाया गया।आग लगने से किस-किस चीज का नुकसान हुआ है,इसका आकलन करने के बाद ही पता लग पाएगा।आग लगने की घटना के बाद पूरे मुख्यालय परिसर में धुएं का गुबार फैल गया।आसपास आग की लपटें और धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था।कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया. कार्यालय की सभी खिड़कियां और सभी दरवाजों को खोलकर धुएं के गुबार को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

बता दें झारखण्ड पुलिस मुख्यालय में ढाई साल पहले भी आग लगी थी। 15 नवंबर 2018 को शाम में अचानक आग लग गई थी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ग्राउंड फ्लोर स्थित कांफ्रेंस हॉल और कागजात व फर्नीचर जलकर खाक हो गए थे।घटना के बाद पुलिस मुख्यालय में अफरा-तफरी मच गई थी।लोग इधर-उधर भागने लगे थे. इस घटना में एक पुलिसकर्मी श्रवण कुमार का पैर टूट गया था।आग ग्राउंड फ्लोर स्थित बैट्री रूम से लगनी शुरू हुई थी फिर इसके बाद बगल स्थित कांफ्रेंस हॉल पूरी तरह आग की चपेट में आ गई थी।