Ranchi:शादी का झांसा देकर किया यौन शोषण, प्राथमिकी दर्ज

राँची।शादी का झांसा देकर यौन शोषण के आरोपी अभिषेक रस्तोगी के विरुद्ध अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई है। प्राथमिकी लातेहार की रहने वाली एक 24 वर्षीय युवती ने दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में आरोप है कि अभिषेक रस्तोगी से उसकी मुलाकात नवंबर 2020 में हुई थी। फिर मिलना जुलना शुरू हुआ। अभिषेक ने पीडि़ता को कहा कि लालपुर स्थित वह अपने किराए का घर छोड़ उसके घर रहने चले। उसके कहने पर पीडि़ता चली गई। इस दौरान अभिषेक ने पीडि़ता के साथ शादी का झांसा देकर कई बार यौन शोषण किया। लेकिन शादी नहीं की। कुछ दिन बाद पता चला कि अभिषेक ने पटना स्थित अपने घर जाकर किसी दूसरी लड़की से सगाई कर ली। जब पीडि़ता को इस बात की जानकारी मिली तो उसने अभिषेक से पूछा। इसपर अभिषेक ने पीडि़ता के साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। आरोप है कि अभिषेक ने पीडि़ता को यह भी धमकी दी कि अगर वह उसका पीछा नहीं छोड़ेगी तो उसे जान से मार देगा। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।