हेड मास्टर की गंदी नजर से महिला टीचर परेशान, बोलीं- जान बूझकर टकराते हैं और बैड टच करते हैं…
दुमका।झारखण्ड के दुमका जिला के जरमुंडी प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय की एक पारा शिक्षिका ने अपने ही विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सह सचिव ब्रजेश कुमार पत्रलेख पर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।शिक्षिका ने जरमुंडी की प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन के आधार पर डीएसई के आदेश पर बीईईओ ने पूरे मामले की जांच की तो आरोप सही साबित हुआ। कार्रवाई के लिए डीएसई जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।विभाग को दिए आवेदन में शिक्षिका ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक उनके साथ गलत व्यवहार करते हैं। विद्यालय अवधि में चलने फिरने के दौरान अक्सर जान बूझकर टकरा जाते हैं और बैड टच भी करते हैं।
आरोप है कि महिला कर्मचारी के लिए निर्धारित प्रत्येक माह के दो दिनों के विशेष आकस्मिक अवकाश की स्वीकृति देने में आना कानी करते हैं और विशेष अवकाश का सबूत मांगते हैं।विशेष अवकाश के एवज में गलत तरीके से यूज करना चाहते हैं। विरोध करने पर अक्सर लड़ाई झगड़ा करते हैं और मानदेय रोकने की धमकी भी देते हैं। प्रधानाध्यापक के व्यवहार से तंग आ चुकी है जिसके कारण उसे मानसिक रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
गलत व्यवहार से तंग आकर शिक्षिका ने जिला शिक्षा अधीक्षक को आवेदन देकर प्रधानाध्यापक पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।जिला शिक्षा अधीक्षक के निर्देश पर शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने जांच की तो शिक्षिका ने घटना के बारे में खुलकर बताई। शिक्षिका ने उन्हें बताया कि यह तीसरी घटना है। कई बार इज्जत का ध्यान रखते हुए विरोध नहीं किया, लेकिन इनका व्यवहार धीरे-धीरे और बढ़ने लगा है। मजबूर होकर शिकायत करना पड़ा है।
“मामला संज्ञान में आने के बाद बीईईओ को जांच का दायित्व दिया गया है। अभी तक जांच रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी।” – आशीष हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक, दुमका
“डीएसई के आदेश पर विद्यालय जाकर जांच की है। जांच में शिक्षिका के सारे आरोप सच निकले हैं। अभी काम से अचानक राँची आना पड़ा है। जाने के बाद जांच रिपोर्ट डीएसई को सौंप दी जाएगी”। – एस्थर मुर्मू, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, जरमुंडी

