खूंटी में भीषण सड़क दुर्घटना में पिता और मासूम बेटे की मौत, बेटी गंभीर

खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिला में रफ्तार की कहर ने एक बच्चे सहित दो लोगों की जान ले ली। ये हादसा शुक्रवार की देर शाम खूंटी तमाड़ मुख्य पथ के शिम्बुकेल के समीप हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, चलती कंटेनर को बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।मृतकों में एक चार साल का साउ मुंडा और सारिदकेल गांव निवासी विश्राम मुंडा शामिल है जबकि मृतक की तीन साल की बेटी गंभीर रूप से घायल है।जिसे इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है।

इस सड़क हादसे के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया और मुआवजा देने की मांग करने लगे। सड़क जाम के कारण खूंटी तमाड़ मुख्य मार्ग के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई।जाम की सूचना पर खूंटी थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और विरोध कर रहे लोगों को समझा बुझा कर सड़क को जाम से मुक्त कराया. इसके बाद सड़क से दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे में घायल बच्ची को इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार विश्राम मुंडा अपनी बेटी अनिमा और कुंवर मुंडा के बेटे साऊ मुंडा को बाइक से लेकर सारिदकेल लौट रहे थे। इसी दौरान शिम्बुकेल के पास सामने से आ रही एक कंटेनर से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। इस टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर पड़े और दो की मौत मौके पर हो गई जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

खूंटी थाना प्रभारी मोहन कुमार ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना पर ही पुलिस बल घटनास्थल पहुँची लेकिन स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया था, बाद में वो खुद अन्य बल लेकर पहुंचे।उन्होंने बताया कि सड़क हादसे के विरोध में लोगों ने मुआवजे की मांग की। पुलिस के समझाने पर लोग माने और घायल बच्ची को इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया।वहीं सड़क पर पड़े शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।वहीं कंटेनर को मौके से जब्त किया गया है।

error: Content is protected !!