शहीद आरक्षी सुनील धान के परिजनों को मिला सहायता राशि,मुख्यमंत्री ने पत्नी को नौकरी का दिया ऑफर

 

राँची।झारखण्ड के चाईबासा में रातामाटी गांव के घने जंगल में 12 अप्रैल 2025 को नक्सलियों के विरुद्ध विशेष छापेमारी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में झारखण्ड जगुआर के आरक्षी सुनील धान शहीद हो गए थे।राज्य सरकार ने शहीद आरक्षी के परिवार को सहायता राशि के अलावे अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।मंगलवार 17 जून को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहीद सुनील धान के परिजनों को सम्मान राशि के रूप में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत निर्गत 1 करोड़ 20 लाख रुपए की वित्तीय सहायता राशि का चेक सौंपा। वहीं, गृह विभाग द्वारा 1 करोड़ 46 लाख 26 हजार 972 रुपए की राशि उनके बैंक अकाउंट में क्रेडिट किया गया।

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहीद के परिजनों के साथ सदैव खड़ी है। उन्होंने कहा कि आरक्षी सुनील धान जी ने राज्यवासियों की सेवा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।
उनकी शहादत को नमन करते हैं।हमारी सरकार एक शहीद परिवार की पीड़ा को गहराई से समझती है। झारखण्ड हमेशा अपने शहीदों का ऋणी रहेगा। उन्होंने शहीद के परिजनों की हिम्मत बढ़ाते हुए कहा कि राज्य सरकार अपने बहादुर आरक्षी सुनील धान के परिवार के साथ है। हमारी सरकार शहीद के बलिदान के सम्मान में उनके परिजनों को हरसंभव मदद करती रहेगी।

गौरतलब है कि आरक्षी सुनील धान आईईडी विस्फोट में गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे और उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर राँची भेजा गया। जहां इलाज के दौरान 12 अप्रैल 2025 को वे वीरगति को प्राप्त हो गए।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शहीद आरक्षी सुनील धान की मां फगनी उराइन, पत्नी गंदरी धान और दो पुत्र प्रियांश धान (5 वर्ष) तथा अनिकेत धान (3 वर्ष) सहित अन्य लोगों ने मुलाकात की।इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिजनों से कहा कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करें।उन्होंने शहीद आरक्षी सुनील धान की पत्नी से कहा कि राज्य सरकार के प्रावधान के तहत आप चाहे तो अनुकंपा पर सरकारी नौकरी कर सकती हैं। शहीद की पत्नी ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनके बच्चे अभी काफी छोटे हैं।आने वाले दिनों में वे नौकरी करने के संबंध में विचार करेंगी।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी परिजन हिम्मत और धैर्य के साथ आगे बढ़ें।राज्य सरकार सदैव आपके दुःख-सुख में साथ खड़ी रहेगी।

error: Content is protected !!