राँची में उत्पाद विभाग की छापेमारी, 25 हजार लीटर स्प्रिट जब्त,संचालक फरार
राँची।राँची उत्पाद विभाग की टीम ने नकली शराब बनाने वाले बड़े सिंडिकेट का खुलासा किया है।ओरमांझी के इरबा में एक बड़े गोदाम में नकली शराब बनाने के लिए स्प्रिट का भंडारण किया जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने गोदाम में छापेमारी कर 25 हजार लीटर से ज्यादा अवैध स्प्रिट जब्त की है।
जिले में अवैध और नकली शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग लगातार बड़ी कार्रवाई कर रहा है। शुक्रवार को उत्पाद विभाग की टीम ने राँची के नामकुम और मांडर इलाके में छापेमारी कर अवैध शराब फैक्ट्री का खुलासा करते हुए हजारों लीटर नकली शराब नष्ट की थी। शनिवार को इसी कड़ी में नकली और अवैध शराब बनाने के लिए स्टोर कर रखी गई 25000 लीटर स्प्रिट को उत्पाद विभाग की टीम ने जब्त किया है।
उत्पाद विभाग की ओर से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार बड़े गोदाम को किराए पर लेकर इसकी आड़ में अवैध शराब बनाने के लिए स्प्रिट का भंडारण किया जा रहा था। उत्पाद विभाग के अनुसार छापेमारी के दौरान गोदाम का संचालन करने वाला व्यक्ति फरार हो गया, लेकिन विभाग ने गोदाम संचालक के बारे में सारी जानकारी जुटा ली है और एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जल्द ही गोदाम संचालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

