पाउडर बेचने के बहाने घर में हुआ दाखिल और महिला की सोने की चेन लूटकर हुआ फरार
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के बालूमाथ में दो अपराधी दिनदहाड़े एक महिला के घर में घुसकर सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।चेन की कीमत करीब दो लाख रुपए बताई जा रही है। दोनों चोर पाउडर बेचने के बहाने महिला के घर में घुसे थे। महिला को अकेली पाकर अपराधियों ने गले में पहनी सोने की चेन लूट ली और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।जिसके आधार पर पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।बालूमाथ ब्लॉक कॉलोनी निवासी गीता देवी गुरुवार को अपने घर में अकेली थी।लगभग 3:30 बजे बाइक पर सवार दो शख्स उनके घर के पास पहुंचे।इस दौरान उनमें से एक अपराधी ने आवाज देकर महिला को घर से बाहर बुलाया।जब पीड़िता गीता देवी घर से बाहर आई तो उनमें से एक शख्स ने कहा कि वह पाउडर बेचने वाला है।अपराधी ने पाउडर की खूबी के बारे में बताया कि इससे सभी प्रकार के बर्तन जेवर भी साफ हो जाते हैं।इस पर गीता देवी ने कहा कि घर में कोई नहीं है और उन्हें पाउडर भी नहीं लेना है।जिसके बाद अपराधी महिला से पानी मांगता है, इसी दौरान वह अचानक झपट्टा मारकर महिला के गले की चेन लूटकर फरार हो जाता है।
अपराधियों द्वारा लूट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि पहले एक अपराधी मोटरसाइकिल के पास धीरे-धीरे आता है और अपना मोटरसाइकिल स्टार्ट करता है. पीछे से दूसरा अपराधी दौड़ता हुआ मोटरसाइकिल के पास आकर पीछे बैठ जाता है और उसके बाद दोनों फरार हो जाते हैं।सीसीटीवी फुटेज में दोनों अपराधियों के चेहरे दिख रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन की।
थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी के आधार पर पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।पुलिस लोगों से भी अपील करती है कि कभी भी अनजान लोगों को घर में घुसने ना दें।यदि कोई इस प्रकार घर में घुसने का प्रयास करें तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।

