लोहरदगा:जेजेएमपी उग्रवादी और पुलिस के बीच मुठभेड़, गोली और अन्य सामान बरामद
लोहरदगा।झारखण्ड के लोहरदगा जिले में जेजेएमपी उग्रवादियों और पुलिस की टीम के बीच मुठभेड़ हुई है।यह मुठभेड़ लोहरदगा-लातेहार के सीमावर्ती थाना क्षेत्र के पास हुई है।पुलिस की टीम ने मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया जिसमें मैगजीन, कारतूस, खोखा, नगदी सहित कई सामान बरामद किए गए हैं।पुलिस और सुरक्षा बल के जवान अभी भी सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।सशस्त्र सीमा बल और जिला पुलिस की टीम की, जेजेएमपी सुप्रीमो रविंद्र यादव के दस्ते के साथ मुठभेड़ हुई।दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। हालांकि जेजेएमपी उग्रवादी अंधेरे एवं जंगल का फायदा उठा कर भागने में कामयाब रहे। इसके बाद अभियान दल द्वारा सतर्कता के साथ सर्च करने पर एक एसएलआर मैगजीन, कुल 51 पीस 7.62 जिंदा कारतूस, दो पीस 7.62 खोखा, दो पीस इंसास खोखा, एक पीस एके-47 का खोखा, एक पीस मैगजीन पाउच, पांच पीस एंड्रॉयड मोबाइल, तीन पीस की-पैड मोबाइल, एक पीस वॉकी टॉकी, एक पीस पावर बैंक, नकद 3100 रुपये, डायरी, नक्सल पर्चा एवं दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री बरामद की गई हैं।
इस संबंध में शुक्रवार को पेशरार थाना में कांड संख्या 04/25 दर्ज किया गया। यह मुठभेड़ लोहरदगा जिला के पेशरार थाना क्षेत्र के सीमावर्ती और लातेहार थाना क्षेत्र के केदली टोली गांव में हुई है।बताया जाता है कि एसपी सादिक अनवर रिजवी को गुप्त सूचना मिली थी कि लोहरदगा जिला के पेशरार थाना अंतर्गत हरकट्ठा के जंगलों में उग्रवादी संगठन जेजेएमपी सुप्रीमो रविंद्र यादव, सचिन, विशाल, कालेश्वर खेरवार, शिव अपने दस्ते के साथ घूम रहा है।यह दस्ता किसी बड़ी उग्रवादी घटना को अंजाम देने की फिराक में था।
सूचना पर एसपी सादिक अनवर रिजवी एवं 32वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल लातेहार के कमांडेंट के निर्देश पर शुक्रवार को केस्को एसडीपीओ वेदांत शंकर के साथ जी कंपनी सशस्त्र सीमा बल केस्को के कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर मनीष कुमार चौबे, जोबांग थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह, कैरो थाना प्रभारी कुलदीप राज टोप्पो, पेशरार थाना प्रभारी गैलन रजवार, बगडू थाना प्रभारी नरेश कुमार यादव, तकनीकी शाखाकर्मी, क्यूएटी बड़कीचांपी, सैट-75 एवं जी कंपनी सशस्त्र सीमा बल केस्को के साथ एक अभियान दल का गठन किया गया।
इस सूचना का सत्यापन करते हुए अभियान दल जब पेशरार से आगे निकली तो पता चला कि दस्ता हरकट्ठा से आगे निकल गया है।अभियान दल दस्ते के जाने के रास्ते को सर्च करते हुए आगे जाने लगे तो जेजेएमपी दस्ते के द्वारा पुलिस बल को लक्षित कर फायरिंग शुरू कर दी गई।इस पर अभियान दल में शामिल जवानों द्वारा जवाबी कार्रवाई की गई।अभियान दल की जवाबी कार्रवाई से जेजेएमपी उग्रवादी अंधेरे एवं जंगल का लाभ उठा कर भाग खड़े हुए।इसके बाद अभियान दल द्वारा सतर्कता के साथ सर्च करने पर एसएलआर मैगजीन, कारतूस, खोखा, मोबाइल, नकदी सहित कई प्रकार का सामान बरामद किया गया।
एसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जेजेएमपी के उग्रवादियों का दस्ता लोहरदगा के पेशरार के जंगलों में घूम रहा है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने वाला है। इसी क्रम में छापेमारी अभियान चलाया गया।जिसके बाद जेजेएमपी और सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ हुई है।जिससे कारतूस, मैगजीन, खोखा, नगदी और अन्य सामान बरामद किया गया है।
लोहरदगा में माओवादियों के सफाये के बाद अब जेजेएमपी उग्रवादी सुरक्षाबलों और पुलिस के निशाने पर है।पुलिस और जेजेएमपी उग्रवादी के बीच मुठभेड़ हुई है। पुलिस जेजेएमपी उग्रवादियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है।

