स्टेडियम निर्माण में हुई अनियमितता मामले में पक्ष रखने के लिए ईडी ने जेएससीए प्रेसिडेंट को भेजा समन…
राँची।झारखण्ड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) द्वारा स्टेडियम निर्माण में हुई अनियमितता मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जेएससीए प्रेसिडेंट को समन किया है। समन में उनसे स्टेडियम निर्माण के संबंध में पक्ष रखने के लिए कहा गया है। ईडी की ओर से जेएससीए प्रेसिडेंट को 4 नवंबर को समन भेजा गया है।जमशेदपुर के विष्टुपुर थाने में वर्ष 2008 से 2013 के दौरान जेएससीए स्टेडियम के निर्माण हुए अनियमितता में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। जिसमें आरोप था कि 196 करोड़ से अधिक की अनियमितता हुई है। उक्त मामले में दर्ज प्राथमिकी को ईडी ने वर्ष 2022 में लेते हुए एक नया ईसीआईआर 07/2022 दर्ज किया था। इसके बाद 2022 में ईडी ने अनुसंधान शुरू करते हुए पहली बार इस मामले में पक्ष रखने के लिए जेएससीए प्रेसिडेंट को समन जारी किया था। उस दौरान जेएससीए प्रेसिडेंट की ओर से स्टेडियम के निर्माण से संबंधित कागजात व अपना पक्ष ईडी के समक्ष रखा था। इसके बाद दोबारा 4 नवंबर को फिर समन भेजकर ईडी ने वर्ष 2008 से लेकर 2013 के बीच हुए स्टेडियम निर्माण से संबंधित दस्तावेज मांगे गए है और पक्ष रखने को कहा गया है।

