मुहर्रम जुलूस के दौरान मारपीट, करतब दिखाने को लेकर दो अखाड़ों के लोग आपस में भिड़े, कई लोग घायल

 

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत धनबाद-सिंदरी रोड पर आज बुधवार की सुबह मुहर्रम जुलूस के दौरान विवाद हो गया।विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और पत्थरबाजी में तब्दील हो गया। दोनों तरफ से हुई पत्थरबाजी की घटना में लगभग आधा दर्जन लोग घायल गए।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रण में लिया।

बता दें कि जुलूस के दौरान हुए विवाद की सूचना मिलने पर झरिया थाना की पुलिस सहित आसपास के कई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के द्वारा स्थिति को नियंत्रित किया गया। वहीं दोनों तरफ से हुई पत्थरबाजी की घटना में कई लोग घायल हो गए हैं।किसी के सिर में तो किसी के हाथ पैर में चोट लगी है।सभी का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बताया जाता है कि झरिया में कतरास मोड़ के चौथाईकुली से ऊपरकुली तक एक से डेढ़ घंटे तक तीन अखाड़ों के लोगों ने तांडव मचाया।पत्थरबाजी में एक दर्जन से अधिक लोगों के सिर में गंभी चोटें आईं हैं। घायलों की कुल संख्या का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितने लोगों को पकड़ा गया है।इधर काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। सिंदरी डीएसपी खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। डीएसपी वहीं कैंप कर रहे हैं। भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।

मुहर्रम के जुलूस के दौरान तरह-तरह के करतबों के बीच कुछ लोग आग के शोलों से खेल रहे थे। पुलिस ने उन्हें ऐसा करतब करने से मना किया, तो कथित तौर पर आग का एक गोला पुलिस पर फेंक दिया गया। गनीमत रही कि कोई पुलिसवाला इसकी चपेट में नहीं आया। सुबह-सुबह मुहर्रम जुलूस के दौरान हुई हिंसा के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है।

एसडीपीओ भूपेंद्र रावत ने मीडिया को बताया कि आज पांच बजे सुबह दो अखाड़ा के लोगों के बीच करतब दिखाने को लेकर विवाद हुआ।पहले हाथपाई हुई और फिर दोनों और से पत्थरबाजी शुरू हो गई।उन्होंने कहा कि घटना को लेकर पुलिस असमाजिक तत्वों को चिन्हित कर रही है।फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। वैसे लोग जो उपद्रव में शामिल हैं उन्हें बख्सा नहीं जायेगा। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।एसडीपीओ ने लोगों से अपील की है कि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाएंम विधि व्यवस्था भंग करने की कोशिश ना करें।