मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं से भरा ऑटो पलटने से चालक की मौत,नौ श्रद्धालु घायल
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले में रामगढ़-बोकारो मार्ग के चितरपुर रेलवे ओवरब्रिज आरक्षी शिविर के समीप शुक्रवार को रजरप्पा मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं से भरा ऑटो पलट कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।इससे ऑटो चालक की मौत हो गयी, जबकि नौ श्रद्धालु घायल हो गये।बिहार के भागलपुर और पटना से कुछ लोग बरकाकाना अपने रिश्तेदार के यहां आये हुए थे।बरकाकाना से ऑटो (जेएच02पी -8877) बुक कर सभी लोग रजरप्पा मंदिर पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे। इस बीच आरक्षी शिविर के समीप गोला से रामगढ़ की ओर तेज रफ्तार से जा रही पिकअप वैन (जेएच 01ईपी-9531) ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।इससे ऑटो सड़क पर पलट कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
सड़क हादसे में ऑटो चालक बरकाकाना निवासी साजिद राय (50 वर्ष) पिता निजावत राय की मौत हो गयी।दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर घायलों की चीख-पुकार से अफरा-तफरी मच गयी।बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गयी।घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना के एसआई अशोक कुमार, एसआई अखिलेश सिंह, एएसआई संजय सिंह पुलिस जवानों के साथ पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल रामगढ़ पहुंचाया।घटना के बाद पिकअप वैन चालक फरार हो गया।पुलिस दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और पिकअप वैन को जब्त कर रजरप्पा थाने ले आयी।
घटना में ऑटो चालक साजिद राय (50 वर्ष) पिता निजावत राय की मौत हो गयी, जबकि बिहार के भागलपुर निवासी कुंदन कुमार (25 वर्ष), संगीता देवी (50 वर्ष) एवं पटना निवासी रेखा देवी (50 वर्ष), चंद्रावती देवी (52 वर्ष), बबीता देवी (52 वर्ष), रामपति देवी (60 वर्ष), नेहा कुमारी (25 वर्ष), रानी कुमारी (24 वर्ष), पूजा देवी (35 वर्ष) घायल हो गये. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल रामगढ़ में किया जा रहा है, जबकि गंभीर स्थिति को देखते हुए बबीता देवी को रिम्स राँची रेफर कर दिया गया है।

