धनबाद:दो गुटों के बीच हिंसक झड़प,युवक पर कुल्हाड़ी से हमला, एक पुलिसकर्मी भी घायल
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले में पुटकी थाना क्षेत्र के पासी धौड़ा में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई।दोनों तरफ से लाठी-डंडे और पत्थर चले।यह विवाद पुरानी दुश्मनी और खाने-पीने को लेकर हुए झगड़े से शुरू हुआ और हिंसा में बदल गया।दोनों गुटों के बीच पहले से चले आ रहे झगड़े के कारण हुई इस जोरदार लड़ाई में रवि कुमार पासी पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया,जिससे उसका सिर फट गया।उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद दोनों गुटों के लोग एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे।इलाके में तोड़फोड़ भी हुई। पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।इलाके में अभी भी तनाव बना हुआ है। सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को स्थिति को काबू करने में काफी मुश्किल हुई। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस बीच, रवि पासी के पिता बद्री पासी ने बताया कि उनका बेटा घर के बाहर चाय पी रहा था, तभी कुछ लोगों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।वहीं,पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने बताया कि पानी की टंकी के पास एक गुट के लोगों ने रवि पासी के साथ मारपीट की।जिसमें रवि पासी गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद दोनों गुटों के बीच पत्थरबाजी हुई।इस घटना में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। उन्होंने बताया कि यह घटना पुरानी रंजिश के कारण हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई कर रही है।

