रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव,परिजनों ने प्रेम प्रसंग में हत्या की जताई आशंका,जांच में जुटी पुलिस…
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सुआ गांव स्थित रेलवे ट्रैक से बुधवार को एक युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, युवक की मौत पलामू एक्सप्रेस की चपेट में आने से हुई है। हालांकि, परिजनों ने प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका जताई है।मृतक की पहचान सुआ गांव के गोदाम चौक निवासी 22 वर्षीय रंजीत विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो रामप्रीत विश्वकर्मा के पुत्र थे। रंजीत मंगलवार शाम को घर से निकला था और तब से लापता था।
सदर थाना प्रभारी लाल जी ने बताया कि डालटनगंज स्टेशन और राजकीय रेल थाना पुलिस को पलामू एक्सप्रेस के ड्राइवर ने सुआ गांव के डीटीएस टोला स्थित रेलवे ट्रैक किनारे शव पड़े होने की सूचना दी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया है।
पुलिस ने आशंका जताई है कि युवक मोबाइल पर बात करते समय पलामू एक्सप्रेस की चपेट में आ गया होगा, क्योंकि घटनास्थल के पास रेलवे फाटक भी है। वहीं, परिजनों का आरोप है कि रंजीत की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है, ताकि इसे ट्रेन दुर्घटना दिखाया जा सके।
थाना प्रभारी ने कहा कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। रंजीत विश्वकर्मा अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और उनकी चार बहनें हैं। वह बाहर रहकर मजदूरी करता था और कुछ समय से गांव में रह रहा था।

