CRPF जवान की परेड के दौरान हार्ट अटैक से मौत,छुट्टी से लौटे थे
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 197 बटालियन में एक दुखद घटना सामने आई है,जहां परेड के दौरान एक जवान की हार्ट अटैक होने से मौत हो गई। मृत जवान की पहचान गोपालजी सिंह (46) के रूप में हुई है।यह घटना मंगलवार की सुबह चाईबासा में सीआरपीएफ 197 बटालियन के कैंप में हुई।सुबह कैंप में नियमित परेड चल रही थी, तभी जवान गोपालजी सिंह की तबीयत अचानक खराब हो गई।वह मौके पर ही गिर पड़े, जिसके बाद साथी जवानों ने तुरंत उन्हें संभाला।उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए,उन्हें बिना देरी किए सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद जवान गोपालजी सिंह को मृत घोषित कर दिया।डॉक्टरों ने बताया कि उनकी मौत का कारण हृदय गति का रुकना है।गोपालजी सिंह हाल ही में छुट्टी से लौटे थे।वे अपने बेटे को दिल्ली में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर ज्वाइन करवाकर रविवार को ही चाईबासा पहुँचे थे।

