तड़ीपार अपराधी मनीष सिंह गिरफ्तार, रिसॉर्ट में मौज मस्ती कर रहा था,रंगदारी वसूली का आरोप
जमशेदपुर।जुगसलाई थाना की पुलिस ने कई आपराधिक मामलों के आरोपी तड़ीपार अपराधी मनीष सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल स्थित एक रिसॉर्ट से दबोचा। फिलहाल उससे थाने में पूछताछ की जा रही है।आज जेल भेजा जाएगा।पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि मनीष सिंह जुगसलाई क्षेत्र के कारोबारियों से रंगदारी की मांग कर रहा है और वसूली में संलिप्त है। कुछ दिन पूर्व उसके दो गुर्गों को पुलिस ने पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया था। इसके अलावा गोलमुरी थाना क्षेत्र में उसके सात सहयोगियों की भी गिरफ्तारी की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी स्तर पर उसकी गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी। गिरफ्तारी में देरी होने पर एसएसपी ने तीन दिन पूर्व जुगसलाई थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बैजनाथ कुमार को निलंबित कर दिया था। गुलाम रब्बानी को नया प्रभारी बनाया गया था।
मंगलवार को नए प्रभारी ने योगदान दिया था। 24 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रंगदारी वसूली और अन्य आपराधिक मामलों में उसकी भूमिका की जांच जारी है।

