गिरिडीह में मछली खाने से बच्चे और बुजुर्ग की मौत, परिवार के 6 अन्य लोगों की स्थिति नाजुक

गिरिडीह। देवरी प्रखंड के जमडीहा पंचायत के पर्वतुडीह टोला टकाबाद में गुरूवार रात को मछ्ली खाने से एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गयी है। वहीं परिवार के ही 6 अन्य लोगों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार सभी बीमारों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है जहाँ गंभीर हालत में सभी मरीजों का उपचार जारी है। बताते चलें कि मछली खाने से मरने वालों में आठ वर्षीय बिपिन राणा और 80 वर्षीय कुल्लू राणा शामिल हैं। दोनों पोता-दादा हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद शुक्रवार अहले सुबह से ही गांव में कोहराम मचा हुआ है। घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर शाम बाजार से मछली खरीदी थी। रात में मछली खाने के बाद से तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। बताया गया है कि सबसे पहले कुल्लू राणा और बिपिन राणा की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। इसके बाद परिवार के एक-एक सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। सुबह कुल्लू राणा व बिपिन राणा की मौत हो गयी। सुबह लोगों ने सभी बीमारों को अस्पताल पहुंचाया।