बाल श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत…शव पहुंचा तो ग्रामीण हुए उग्र, होटल संचालक पर दर्ज होगी एफआईआर

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के मोहम्मदगंज इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में एक बाल श्रमिक की मौत हो गई।मृतक बाल श्रमिक पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के जयनगरा के इलाके का रहने वाला था।बाल श्रमिक का शव लेकर एंबुलेंस ड्राइवर और अन्य लोग लेकर चैनपुर के जयनगरा गांव में पहुंचे थे, शव के पहुंचने के साथ ही ग्रामीण उग्र हो गए, इसके बाद एंबुलेंस ड्राइवर एवं अन्य लोग मौके से फरार हो गए थे।

कई घंटे तक शव एंबुलेंस के अंदर ही पड़ा रहा। पूरे मामले की जानकारी पलामू एसपी रीष्मा रमेशन और चैनपुर थाना को दी गई। इसके बाद चैनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एंबुलेंस से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में भेज दिया।

मृतक बाल श्रमिक अपने दो अन्य साथियों के साथ 22 दिन पहले होटल में मजदूरी के लिए मोहम्मदगंज गए हुए थे। तीनों को होटल मालिक के तरफ से चार-चार हजार रुपए वेतन दिया जाना था।मृतक के साथी ने बताया कि खाना खाने के बाद अचानक उसकी तबीयत खराब हुई थी और वह उल्टी करके हाथ पैर पटकने लगा था।

उसे इलाज के लिए स्थानीय डॉक्टर के पास होटल मालिक ले गए थे लेकिन डॉक्टर ने रेफर कर दिया था।बाद में इलाज के लिए उसे हैदरनगर ले जाया गया, लेकिन वह हैदरनगर नहीं गए थे। होटल का मालिक हैदरनगर से शव लेकर वापस लौटा था और बाद में उन्हें चैनपुर स्थित घर पर भेज दिया।

सीपीआई के नेता रुचिर तिवारी ने बताया कि मृतक मानव तस्करी का शिकार हुआ है, पूरे मामले में कार्रवाई करने की जरूरत है।चैनपुर के थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पूरे मामले में मानव तस्करी करने वाले एवं अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी और कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!