मध्यप्रदेश में मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, तालाब में ट्राली पलटने से 11 की मौत…मुख्यमंत्री ने की मदद की घोषणा

 

खंडवा।मध्य प्रदेश के खंडवा के पंधाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। दरअसल दुर्गा विसर्जन करने गए लोगों की ट्राली पुलिया से पलट गई, जिससे उसमें सवार लोग तालाब में गिर गए। तालाब में गिरने से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल रेस्क्यू टीम मौके पर अन्य लोगों की तलाश कर रही है।बताया जा रहा है कि पंधाना के अर्दला, जामली गांव के 20- 25 लोग ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर नदी पर माता विसर्जन के लिए गए थे। जब पुलिया पर ट्रैक्टर ट्राली खड़ी हुई, उसी समय ट्राली तालाब में गिर गई। बताया जा रहा है कि मरने वालों में बच्चियों की संख्या अधिक है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है।

खंडवा में दुर्गा विसर्जन के दौरान तालाब में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से कई लोग डूब गए। अब तक 11 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं, इनमें 8 बच्चियां शामिल हैं। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी हैं। करीब 20-25 लोगों के डूबने की खबर सामने आ रही है। जेसीबी की मदद से ट्रॉली को बाहर निकाल लिया गया है।

घटना पंधाना क्षेत्र के ग्राम अर्दला की है। यहां राजगढ़ ग्राम पंचायत के पाडलाफाटा के लोग गुरुवार को दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने पहुंचे थे। ट्रैक्टर ट्रॉली में करीब 20-25 लोग सवार थे। जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर ट्रॉली को तालाब के रास्ते में एक पुलिया के ऊपर खड़ा किया गया था। ट्रॉली में जरूर से ज्यादा लोग सवार थे जिससे उसका बैलेंस बिगड़ और ट्रॉली तालाब में पलटी खा गई।

खंडवा की घटना पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर शोक प्रकट करते हुए लिखा कि खंडवा के ग्राम जामली और उज्जैन के समीप इंगोरिया थाना क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुए हादसे अत्यंत दुखद हैं। शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मृतकों के निकटतम परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि तथा घायलों को नजदीकी अस्पताल में समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। देवी मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और शोक संतप्त परिजनों को संबल हेतु प्रार्थना है।

error: Content is protected !!