गिरिडीह में अनाज घोटाला को लेकर सीबीआई ने गोदाम संचालक और संवेदक के घर पर मारा छापा…

 

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह में अनाज घोटाले को लेकर CBI की छापेमारी हुई है। CBI की टीम गोदाम संचालक और FCI संवेदक के घर पर छापेमारी कर रही है। बुधवार की सुबह अलग-अलग वाहन से CBI की टीम गिरिडीह पहुंची। जहां सरिया अनाज गोदाम के संचालक रामजी पांडेय के शास्त्रीनगर आवास पर CBI की टीम पहुंची और रामजी पांडेय सहित उनके परिवार से लगातार पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार गिरिडीह में सीबीआई ने एक साथ दो जगह छापेमारी की है, जिसमें रामजी पांडेय और गिरिडीह के FCI गोदाम संचालक संजय शर्मा शामिल है। टीम इन दोनों के यहां से अहम दस्तावेजों की जांच कर रही है।

रामजी के घर से कई अहम दस्तावेज मिले हैं। सीबीआई ने इसकी कॉपी तैयार करने के लिए बाहर से फोटो कॉपी की मशीन भी मांगवायी। उनके निवेश से संबंधित दस्तावेजों को भी खंगाला गया है। रामजी ने जमीन में भी निवेश किए हैं। पूरा मामला सरिया गोदाम में हुई अनाज की गड़बड़ी से लिंक है। भारतीय खाद्य निगम को निर्धारित मात्रा का अनाज नहीं मिला जिसके बाद मामले की जांच शुरू हुई मार्च 2024 में एफसीआई की टीम सरिया गोदाम पहुंची. यहां पहली दफा 2900 क्विंटल से अधिक की गड़बड़ी का पता चला।

90 लाख से अधिक के अनाज गायब

1500 से अधिक क्विंटल गेहूं तो 1401 क्विंटल चावल गायब थे। उस वक्त अनाज की कीमत 90 लाख से आंकी गई थी। सीबीआई को चंद महीनों में लाखों की गड़बड़ी के सबूत मिले। आगे जांच के लिए क्षेत्रीय कार्यालय ने मामले की जांच सीबीआई से करवाने का प्रस्ताव भेजा, जिसे केंद्रीय कार्यालय ने स्वीकार कर लिया था। अब इस मामले में सीबीआई के हाथ कई अहम सबूत मिले हैं।