बोकारो पुलिस ने चोरी के करीब चार दर्जन मामलों का किया खुलासा,दो नाबालिग समेत 9 आरोपी गिरफ्तार
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो पुलिस ने चोरी की घटना को अंजाम देने वाले एक बड़ा गिरोह का खुलासा किया है।पुलिस ने दो नाबालिग समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।आरोपियों की निशानदेही पर सोना, चांदी के जेवर समेत करीब 52 हजार नगद, पीतल एवं कांसे के बर्तन बरामद किए है। इसी के साथ ही पुलिस ने चोरी के 44 मामलों से पर्दा उठाया है।एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि बोकारो में लगातार चोरी की घटना से लोग भयभीत थे।पुलिस लगातार अलर्ट थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि चीरा चास थाना क्षेत्र स्थित केके सिंह कॉलोनी में कुछ आरोपी घर का ताला तोड़कर घुसने की कोशिश कर रहे हैं।जिसके बाद चास एसडीपीओ के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया और शीघ्र कार्रवाई करते हुए मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें दो आरोपी नाबालिग हैं।पुलिस ने पूरे मामले में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें दो अपराधी चोरी का सामान भी खरीदते थे।
पुलिस ने इन आरोपियों की निशानदेही पर 90 ग्राम सोना, जिसकी बाजार कीमत 10 लाख 62 हजार रुपए, 5 किलो 300 ग्राम चांदी, जिसकी बाजार कीमत 9 लाख 10 हजार रुपए है।इसके साथ ही बाइक, लैपटॉप, एलईडी टीवी, मूर्ति एवं औजार को भी बरामद किया है।
एसपी ने बताया कि इन आरोपियों ने बोकारो के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 44 चोरी की घटना को अंजाम दिया था।जिसमें चीरा चास थाना, बालीडीह ओपी, बालीडीह थाना, चास मुफस्सिल, बीएस सिटी, सेक्टर 4 और सेक्टर 12 में घटना को अंजाम दिया था।
बोकारो एसपी ने आगे बताया कि अकेले चीरा चास थाने में 20 घटना को इन आरोपियों ने अंजाम दिया था। पुलिस इस गिरोह के दूसरे सदस्यों की तलाश कर रही है।इन आरोपियों द्वारा पहले घर की रेकी की जाती थी और फिर खाली मकान दिखने पर चोरी की घटना को अंजाम दिया जाता था। चोरी के सामान को भी ये तुरंत स्थानीय दुकानदारों के यहां खपा देते थाे। एसपी ने कहा कि इन आरोपियों की गिरफ्तारी से चोरी की घटनाओं पर ब्रेक लगेगा।

