Ranchi:चान्हो में ऑटो से उतरने के दौरान गिरने से भाजपा नेता की मौत…

 

राँची।जिले के चान्हो थाना क्षेत्र में राँची-मेदिनीनगर मुख्य पथ पर पकरियो पेट्रोल पंप के पास मंगलवार को ऑटो से उतरने के दौरान गिरने से भाजपा के वरिष्ठ नेता 70 वर्षीय लवनाथ शाही की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, लवनाथ शाही दोपहर में चान्हो से एक ऑटो अपने घर पकरियो जा रहे थे। पकरियो पेट्रोल पंप के पास जैसे ही ऑटो से उतरने के लिए एक पैर सड़क पर रखा, ऑटो अचानक आगे बढ़ गया। इससे वह सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए मांडर स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।लवनाथ शाही के निधन पर भाजपा नेताओं सन्नी टोप्पो, सतीश शाह, चंदन गुप्ता, बबलू गोप, पुरंजय महतो, रहमान अंसारी, मुकेश प्रसाद, राजनाथ सिंह और रामबालक ठाकुर आदि ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने इसे पार्टी और क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है

इधर सिकिदिरी थाना क्षेत्र में सिकिदिरी-ओरमांझी मुख्य मार्ग पर भुसूर मड़ई के पास सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान सिकिदिरी थाना क्षेत्र के डटमा गांव निवासी रथू मुंडा के रूप में हुई है। घटना मंगलवार की शाम लगभग छह बजे की है। बताया जाता है कि रथू मुंडा ओरमांझी से दवा लेकर स्कूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान भुसूर मड़ई के पास आगे चल रहे पिकअप वाहन के चालक ने अचानक गाड़ी रोक दी। इससे पीछे से आ रहे स्कूटी सवार रथू मुंडा पिकअप से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया और स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जानकारी मिलने के बाद छानबीन में जुट गई है।

error: Content is protected !!