राँची में बाइक सवार अपराधी ने अस्पताल के बाहर की फायरिंग, राहुल सिंह गिरोह ने ली जिम्मेदारी…

 

राँची।अपराधी राहुल सिंह गैंग पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो रहा है।रंगदारी के लिए धमकी देना और रंगदारी नहीं मिलने पर फायरिंग करवाना इस गिरोह की बड़ी ताकत बनते जा रहा है। ताजा मामला राँची के बीआईटी ओपी क्षेत्र का है।यहां राहुल सिंह गिरोह के एक अपराधी के द्वारा अस्पताल के बाहर फायरिंग की गई है।

क्या है पूरा मामला:
राँची के बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र में स्थित विकास हॉस्पिटल के पास बाइक सवार एक अपराधी ने बुधवार को ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है। हालांकि गोलीबारी की घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गया।

राँची के सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि विकास चौक स्थित एक अस्पताल के पास फायरिंग की घटना हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अस्पताल प्रबंधन से पूछताछ के दौरान उन्होंने किसी भी गैंग के द्वारा रंगदारी या फिर धमकी देने की बात से इनकार किया है।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

सीसीटीवी कैमरे में साफ दिख रहा है कि मेसरा ओपी क्षेत्र में स्थित विकास हॉस्पिटल के पास बुधवार की शाम पांच बजे एक बाइक सवार अपराधी पंहुचा और अचानक हवाई फायरिंग करने लगा।इससे अफरा-तफरी मच गई।घटना की जानकारी मिलने के बाद बीआईटी मेसरा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम उस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरा फुटेज निकाली है,जिसमें अपराधी के रामगढ़ रोड की ओर भागने की बात सामने आयी है।

कार शोरूम के मालिक को दी गई धमकी

अपराधी के द्वारा गोलीबारी अस्पताल के गेट पर की गई। लेकिन धमकी उसके ठीक बगल में स्थित कार शोरूम के मालिक को दी गई है।राहुल सिंह गैंग की ओर से सोशल मीडिया में प्रेस रीलिज जारी किया गया है। इस रीलिज में शोरूम के संचालक को धमकी दी गई है कि अगर गैंग से मैनेज नहीं किया तो अगली बार गोली उन्हें और उनके परिवार पर चलेगी।राँची से पलामू और पटना तक की जानकारी गैंग के पास उपलब्ध है।कभी भी एके 47 से बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा सकता है।

error: Content is protected !!