#Bihar Election 2020:पहले चरण में 71 सीटों पर करीब 54 फीसदी मतदान,कई दिग्‍गजों की किस्मत ईवीएम में बंद…

तीन विधानसभा क्षेत्रों में दोपहर तीन बजे तक मतदान हुआ।

पांच विधानसभा क्षेत्रों में शाम पांच बजे तक मतदान हुआ।

बाकी सभी क्षेत्रों में मतदान शाम 6 बजे तक हुआ।

बिहार चुनाव के पहले चरण में 1066 उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला।

बांका जिला सबसे ज्यादा 59.58% और सबसे कम मुंगेर 47.36 % मतदान हुआ

पटना।बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान खत्म हो चुका है। 71 सीटों पर शाम सात बजे तक 54.1 फीसदी वोटिंग हुई।शाम छह बजे तक 53.54 फीसदी मतदान हुआ। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि शाम पांच बजे तक 52.24 फीसदी मतदान हुआ। उन्होंने बताया कि साल 2015 में इस समय तक पहले चरण में 54.94 फीसदी लोगों ने मतदान किया था। लोकसभा चुनाव में ये 53.54 फीसदी रहा। उन्होंने बताया कि तीन विधानसभा क्षेत्रों में दोपहर तीन बजे तक मतदान हुआ। पांच विधानसभा क्षेत्रों में शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। बाकी सभी क्षेत्रों में मतदान शाम 6 बजे तक हुआ।

सीटवार बात करें तो छह बजे तक शेखपुरा में 55.96%, पटना में 52.51%, भोजपुर में 48.29%, बक्सर में 54.07%, कैमूर में 56.20%, रोहतास में 49.59%, अरवल में 53.85%, जहानाबाद में 53.93%, औरंगाबाद में 52.85%, गया में 57.05%, नवादा में 52.34% और जमुई-57.41% भागलपुर में 54.20%, बांका में 59.57%, मुंगेर में 47.36% और लखीसराय में 55.44% मतदान हुआ।

पहले चरण के इस चुनाव में भाग्य आजमा रहे कुल 1066 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद हो गया है, जिसमें 114 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। यही नहीं, पहले चरण के मतदान में 35 संवेदनशील या फिर अति संवेदनशील क्षेत्र थे. जबकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी मतदान केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती किए जाने के साथ कुल 31380 मतदान केन्द्रों के लिए 31,380-31,380 सेट इवीएम एवं वीवीपैट का प्रबंध किया गया था।

इन दिग्‍गजों की किस्मत ईवीएम में बंद

बिहार चुनाव के प्रमुख राजनीतिक दलों में, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने 71 सीटों में से 35 पर अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, तो उसके बाद सहयोगी भाजपा ने 29 सीट पर दम दिखाया है. जबकि राजद ने 42 और 20 विधानसभा क्षेत्रों में उसके गठबंधन सहयोगी कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार उतारे. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबबंधन (राजग) में शामिल जेडीयू से नाता तोड़कर लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख और दिवंगत केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के पुत्र चिराग पासवान इन 71 सीटों में से 41 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं. जिन प्रमुख उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो गया उनमें राष्ट्रमंडल खेल में निशानेबाजी में स्वर्ण पदक विजेता श्रेयसी सिंह शामिल हैं, जो 27 साल की उम्र में जमुई से भाजपा उम्मीदवार के रूप में अपना भाग्य आजमा रही हैं. उनका मुकाबला आरजेडी के विजय प्रकाश यादव से है.
इसके अलावा राज्य मंत्रिमंडल में शामिल प्रेम कुमार (गया टाउन), विजय कुमार सिन्हा (लखीसराय), राम नारायण मंडल (बांका), कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा (जहानाबाद), जय कुमार सिंह (दिनारा) और संतोष कुमार निराला (राजपुर) का पहले चरण के चुनाव में भाग्य इवीएम में आज कैद हो गया. इनमें से वर्मा, सिंह और निराला जेडीयू के हैं, जबकि अन्‍य भाजपा के हैं. यही नहीं, इमामगंज सीट पर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी का मुकाबला आरजेडी उम्मीदवार और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी से है.