बड़ी खबर: रांची सेंट्रल मॉल पर एफआईआर दर्ज, बिना अनुमति के खोला गया था मॉल

राँची। कोरोनावायरस संक्रमण के रोकथाम के लिए राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन रांची के विभिन्न दुकानों/ प्रतिष्ठानों द्वारा किया जा रहा है या नहीं, इसे लेकर आज एक बार फिर से सघन जांच अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन की टीम ने कई दुकानों/प्रतिष्ठानों में सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क एवं सैनिटाइजर के इस्तेमाल आदि निर्देशों के अनुपालन को लेकर जांच की। इस दौरान कई दुकानों/प्रतिष्ठानों में दिशानिर्देशों का उल्लंघन पाया गया। जिसे लेकर दुकानों को नोटिस देकर बंद करा दिया गया।

सेंट्रल मॉल रांची पर एफ आई आर

बिना अनुमति मॉल खोले जाने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा रांची के सेंट्रल मॉल पर कार्रवाई की गई है। मॉल संचालक पर एफ आई आर दर्ज कराया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी रांची सदर श्री लोकेश मिश्रा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए जारी दिशानिर्देशों का अनुपालन दुकानों/ प्रतिष्ठानों द्वारा किया जा रहा है या नहीं इसे लेकर आगे भी सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।