राँची पुलिस की ड्रग्स पैडलर्स पर बड़ी कार्रवाई,शातिर ड्रग्स पैडलर सेजल खान उर्फ सहिस्ता परवीन, पिता-बहन और जीजा के साथ गिरफ्तार…2.76 लाख कैश और 28 लाख का ब्राउन शुगर बरामद..
राँची।राजधानी राँची की पुलिस ने नशे के तस्करों के खिलाफ फिर बड़ी कार्रवाई की है।इस कार्रवाई में दो महिला ड्रग्स पैडलर्स सहित चार लोग गिरफ्तार किए गए हैं।वहीं लाखों के ब्राउन शुगर भी पुलिस ने बरामद किए हैं।
चार नवंबर की रात एसएसपी राकेश रंजन को यह जानकारी मिली कि कुछ लोग बिहार के सासाराम से ब्राउन शुगर लेकर राँची आ रहे हैं और न्यू मार्केट चौक, रातू रोड के पास अपने सहयोगियों को ब्राउन शुगर का सप्लाई करने वाले हैं।इसी सूचना के आलोक में सिटी एसपी पारस राणा के नियंत्रण में कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम (SIT) का गठन किया गया।इसके बाद एसआईटी के द्वारा न्यू मार्केट चौक स्थित टेंपो स्टैंड के पीछे योजना बना कर ड्रग्स पैडलर्स की रेकी शुरू की गई। कुछ देर बाद न्यू मार्केट चौक टेंपो स्टैंड के पीछे एक महिला आयी और एक दुकान के पास जाकर खड़ी हो गयी।इसके कुछ देर बाद 3-4 व्यक्ति उनके पास आकर बातचीत करने लगे।संदेह होने पर पुलिस जब संदिग्ध लोगों के पास जाने लगी तो सभी लोग पुलिस को देखकर भागने लगे।
जिसपर डीएसपी द्वारा घेर कर एक महिला को महिला थाना प्रभारी के सहयोग से पकड़ा गया।लेकिन अन्य फरार हो गए। गिरफ्तार महिला की पहचान शातिर ड्रग्स पैडलर सेजल खान उर्फ सहिस्ता परवीन के रूप में हुई।सेजल खान की तलाशी लेने पर उसके पास से 92.46 ग्राम ब्राउन शुगर पाया गया।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि सेजल ने आगे पूछताछ करने पर बताया कि यह ब्राउन शुगर सासाराम बिहार के बबन साह उर्फ मौसा जी और सूरज कुमार से लेकर आ रही थी।इनका पूरा परिवार ब्राउन शुगर (मादक पदार्थ) कारोबार करने में संलिप्त है।
सेजल खान के द्वारा यह भी बताया गया कि अभी उनके किराए के घर एदलहातू बरियातू में भी ब्राउन शुगर रखा हुआ है। जिसके बाद एदलहातु बरियातू स्थित उनके घर में भी छापेमारी की गई।छापेमारी में सेजल के घर से कुल 10.24 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया और ब्राउन शुगर बेचकर रखा हुआ कुल 2,65,500 रूपया नगद भी बरामद किया गया।मौके से सेजल के पिता को भी गिरफ्तार किया गया।सेजल के पिता मो० सरवर के द्वारा भी मादक पदार्थो का अवैध कारोबार किया जाता है।
दरअसल सेजल खान का पूरा परिवार ही ब्राउन शुगर के धंधे में लिप्त था।गिरफ्तार सेजल ने बताया कि उसकी एक बहन मुस्कान और जीजा मो० राजू रातु, अलकमर कॉलोनी, रॉची में रहकर ब्राउन शुगर खरीद बिक्री करते हैं,इस सूचना पर रातू, अलकमर स्थित मुस्कान उर्फ सगुफ्ता परवीन के घर छापेमारी की गई।यहां से मुस्कान और उसके पति मो० राजू के पास से कुल 36.85 ग्राम ब्राउन शूगर और 11,720 रूपया बरामद किया गया। इसके बाद सभी सामानों को जब्त कर दोनों को गिरफ्तार किया गया।सभी गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ करने पर बताया गया कि यह सभी लोग सासाराम, बिहार के बबन साह उर्फ मौसा जी और सूरज कुमार से ब्राउन शुगर लाकर राँची के हिंदपीढ़ी, सुखदेवनगर, कोतवाली, मोरहाबादी क्षेत्र में उंची दामों में बेचते हैं।

