झारखण्ड एटीएस,बोकारो पुलिस और बिहार मद्य निषेध इकाई की बड़ी कार्रवाई,11 गिरफ्तार,13 लग्जरी गाड़ियां सहित भारी मात्रा में शराब जब्त…

 

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले में झारखण्ड एटीएस,बिहार पुलिस की बिहार मद्य निषेध इकाई और चिरा चास थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय अवैध शराब निर्माण गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसडीपीओ पीके सिंह ने जानकारी दी कि इस अभियान में 11 धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने करीब 17 लाख रुपए मूल्य की अवैध विदेशी शराब, 1563 लीटर तैयार शराब, 360 लीटर स्प्रिट, दो पैकिंग मशीनें और 13 लग्जरी गाड़ियां जब्त की हैं।

एसडीपीओ ने बताया कि यह कार्रवाई नंदुआ स्थित गोपाल सिंह के करकट से बने मकान में की गई, जहाँ बड़े पैमाने पर अवैध विदेशी शराब का निर्माण और पैकिंग की जा रही थी। छापेमारी के दौरान कई आरोपी मौके पर ही पकड़े गए, जो शराब तैयार करने और बोतलों में भरने का काम कर रहे थे। पुलिस को मौके से शराब निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण, खाली बोतलें और लेबल भी मिले हैं।

जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह झारखण्ड और बिहार के विभिन्न जिलों में अवैध विदेशी शराब की आपूर्ति करता था। गिरोह का नेटवर्क इतना मजबूत था कि बिहार में लागू शराबबंदी के बावजूद बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की खेप पहुंचाई जा रही थी। पुलिस ने बताया कि ये लोग सस्ते स्प्रिट में फ्लेवर और रंग मिलाकर नकली विदेशी ब्रांड तैयार करते थे और महंगे दामों पर बेचते थे।

इस गिरोह का मुख्य सरगना गोपाल सिंह फिलहाल फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एसडीपीओ पी. के. सिंह ने बताया कि चिरा चास थाना प्रभारी चंदन कुमार दुबे के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में झारखण्ड एटीएस और बिहार मद्य निषेध इकाई की टीमों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का सफाया किया जाएगा।

दरअसल,एक नवंबर की रात पता चला कि जोड़ामंदिर नंदुआ स्थान में करकट के मकान में अवैध शराब का निर्माण किया जा रहा है।यह स्थल अंतरराज्यीय अवैध शराब निर्माण गिरोह के चीरा चास निवासी गोपाल सिंह का है।यहां अवैध शराब बनायी जाती है, जो झारखण्ड और बिहार के विभिन्न जिलों में बेची जाती है। इसके बाद एसपी हरविंदर सिंह के निर्देश पर एक छापेमारी टीम का गठन किया गया।इसमें चीरा चास थाना के थाना प्रभारी चंदन कुमार दूबे, पुअनि राजकपूर सेठ, सअनि आनंद प्रकाश लकड़, सअनि रंजन मिश्रा, आरक्षी बीर बहादुर सिंह, रमेश रजवार के साथ झारखण्ड एटीएस व बिहार पुलिस की मद्य निषेध इकाई के सदस्य को शामिल किया गया।छापेमारी में 11 युवक संदिग्ध स्थिति में मिले, जो शराब निर्माण कार्य के साथ निर्मित शराब की पैकिंग कर रहे थे। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में चीरा चास नंदुआ स्थान निवासी अवैध शराब धंधा करनेवाला सरगना गोपाल सिंह के साथ यदुवंश नगर चास के सौरभ कुमार सिंह (दो आपराधिक कांड दर्ज), सेक्टर नौ के शिवजी गुप्ता (स्थायी निवासी बिहार के भोजपुर जिला स्थित सिकरहटा गांव), चास मुफस्सिल थाना के नावाडीह निवासी गणेश गोराई, बिहार कॉलोनी चास निवासी रितेश कुमार सिंह (स्थायी निवासी बिहार के जमुई जिला के गंगरा गांव), पिंड्राजोरा के बहादुरपुर निवासी उत्तम गोराई, राम नगर कॉलोनी चास के संजीव कुमार (स्थायी निवासी गिरिडीह जिला के बरकट्ठा गांव पर चास थाना में पोक्सो कांड दर्ज), राम नगर कॉलोनी चास निवासी रोहित कुमार, स्वर्णकार मोहल्ला चास निवासी बजरंग स्वर्णकार, यदुवंश नगर चास के विकास कुमार (स्थायी निवास बिहार के जमुई जिला के गिधौर थाना स्थित गंगरा गांव), नंदुआ स्थान चीरा चास निवासी सन्नी कुमार (स्थायी निवास बिहार के बेगुसराय जिला स्थित सवौडा गांव पर बिहार के जमुई थाना में उत्पाद अधिनियम के तहत कांड दर्ज), प्रभात कॉलोनी चास निवासी चंदन कुमार सिंह (स्थायी निवास उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिला स्थित करेया गांव पर पिंड्राजोरा में उत्पाद अधिनियम के तहत कांड दर्ज) शामिल हैं।

पुलिस ने मौके से 09 मोबाइल फोन, 10 चारपहिया और 03 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त की गई गाड़ियों में ऑडी, वरना, सफारी, स्कॉर्पियो और फोर्ड एंडेवर जैसी लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं, जिनका उपयोग शराब की खेप ढोने में किया जाता था।

error: Content is protected !!