हाई टेंशन तार की चपेट में आई बाराती बस,दो की मौत,कई लोग घायल,आधा दर्जन से ज्यादा लोगों की स्थिति गंभीर…

 

देवघर।झारखण्ड के देवघर जिले से सटे बिहार के बांका जिले में बारात से लौट रहे लोगों से भरी बस हाईटेंशन तार के करंट की चपेट में आ गई है जिसमें कई लोग घायल हो गए हैं बांका जिले के गिद्दी डैम के पास बस में करीब चालीस बाराती मौजूद थे। हाईटेंशन तार के बस से छू जाने के कारण अचानक पूरी बस में करंट दौड़ने लगा।जिससे बस के ऊपर बैठे कई लोग घायल हो गए हैं।

घटना के संबंध में घायलों ने बताया कि बांका में बारात में शामिल होने के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान देवघर-मोहनपुर मार्ग पर चिरैया मोड़ के पास यह दुखद घटना घटी।जिसमें कई लोग झुलस गए हैं।घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया।

बिहार के बांका जिले के जयपुर थाना प्रभारी ने घटना में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है।वहीं, जो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर के सदर अस्पताल लाया गया है। जहां इमरजेंसी में डॉक्टर लगातार उनका इलाज कर रहे हैं।

घायलों के इलाज के संबंध में देवघर सदर अस्पताल के प्रशासनिक पदाधिकारी डॉ. शरद कुमार ने बताया कि सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।उन्हें इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घटना में घायल हुए अधिकतर लोग दुमका जिले के सरैयाहाट के रहने वाले हैं।

आपको बता दें कि यह घटना बांका जिले में हुई है।लेकिन देवघर से सटे होने के कारण सभी को इलाज के लिए देवघर के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।वहीं बांका प्रशासन के लोग भी घायलों का हाल जानने देवघर पहुंच रहे हैं, ताकि घायलों को बेहतर इलाज दिया जा सके।

error: Content is protected !!