पाकुड़:पुलिस पार्टी पर ग्रामीणों ने किया हमला, कई पुलिसकर्मी घायल,दो आरोपी गिरफ्तार
पाकुड़।झारखण्ड के पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के अंगूठीया गांव में रविवार को पुलिस पार्टी पर ग्रामीणों ने हरवे-हथियार के साथ हमला कर दिया। घटना में कई पुलिस पदाधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही हिरणपुर थाने की अन्य पुलिस पदाधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
घायल पुलिसकर्मी
घटना को लेकर घायल सहायक अवर निरीक्षक गोविंद कुमार साह ने थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है।गोविंद कुमार साह के बयान पर थाने में कांड संख्या 103/25 दर्ज करते हुए करमु राय, सीओ राय, फूलो देवी, जगनी देवी और मनोज यादव सहित अन्य अज्ञात को अभियुक्त बनाया है।
थाने को दिए अपने शिकायत में सहायक अवर निरीक्षक गोविंद कुमार साह ने उल्लेख किया है कि सुल्तान शेख नामक व्यक्ति द्वारा यह सूचना दी गई थी कि उसका ट्रैक्टर अंगूठीया गांव के कुछ ग्रामीणों ने रोक रखा है और पांच हजार रुपये रंगदारी की मांग कर रहे हैं।सूचना पर अंगूठीया गांव पहुंचे तो वहां मौजूद ग्रामीणों ने हरवे-हथियार के साथ पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला कर दिया और एक पेड़ से बांध दिया।शिकायत के मुताबिक साथ में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी वहां से किसी तरह जान बचाकर भागे और घटना की सूचना हिरणपुर थाने को दी।
सूचना मिलते ही सहायक अवर निरीक्षक मुद्रीका प्रसाद, दिलीप कुमार, किशोर टुडू, अजय पासवान, नयमुल अंसारी दल-बल के साथ पहुंचे तो उन पुलिस पदाधिकारियों व जवानों पर भी ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया।सहायक अवर निरीक्षक गोविंद के मुताबिक अन्य पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने किसी तरह हमें ग्रामीणों के चंगुल से निकाला।
इधर, पुलिस पर जानलेवा हमला किए जाने को लेकर पुलिस ने छापेमारी कर करमु राय और सीओ राय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
घटना को लेकर हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

