ट्रेन जैसे ही खुली,माँ ने बेटी के साथ लगा दी छलांग..दोनों की मौत…
दुमका।झारखण्ड के दुमका जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद में एक 25 वर्षीय महिला ने अपनी ढाई साल की पुत्री के साथ आत्महत्या कर ली है। ट्रेन की चपेट में आने से मां-बेटी दोनों की मौत हो गई है। महिला की पहचान हंसडीहा थाना क्षेत्र के ओरतारा गांव निवासी आरती कुमारी (उम्र 25 वर्ष) और बेटी ब्यूटी कुमारी के रूप में हुई है।पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और छानबीन शुरू कर दी है। यह घटना दुमका-गोड्डा रेलखंड पर हंसडीहा स्टेशन से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर हुई है।
इस घटना के संबंध में हंसडीहा के थाना प्रभारी प्रकाश कुमार सिंह ने बताया कि आरती कुमारी की शादी लगभग पांच वर्ष पूर्व विक्की मंडल से हुई थी।उसके पति विक्की मंडल अपने घर में ही एक छोटा सा होटल चलाते हैं। बताया जाता है कि आरती की अपने पति विक्की से अक्सर विवाद होते रहता था।आज भागलपुर-दुमका पैसेंजर ट्रेन जैसे ही हंसडीहा स्टेशन से खुली, आरती ने अपनी बच्ची को लेकर ट्रेन के सामने कूद गई। इस घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही हंसडीहा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
हंसडीहा थाना प्रभारी प्रकाश कुमार सिंह का कहना है कि महिला के पति से पुलिस टीम पूछताछ करने का प्रयास किया लेकिन फिलहाल वह अभी कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। बाद में उससे पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेज दिया गया है।