तेज रफ्तार में अनियंत्रित कार गड्ढे में जा गिरी, गाड़ी में सवार सभी लोगों की मौ’त..
गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र के शीतल गांव से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आयी है। यहां गांव के पानी सप्लाई टंकी के पास एक टियागो कार अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार सभी लोगों की मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार कार में चालक और दो महिलाएं सवार थी।सभी महागामा के रहने वाले बताये जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ पहुंची।ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुँचीं है।तीनों का शव कार से बाहर निकाला गया है।
मृतकों की पहचान महागामा ऊर्जा नगर निवासी जोगेंद्र कुमार यादव, उनकी पत्नी बिंदेश्वरी देवी (53) और पड़ोसी महिला कौशल्या देवी (48) के रूप में हुई है।तीनों व्यक्ति नवरात्रि के पहले दिन कलश स्थापना के लिए बिहार के कहलगांव स्थित गंगा घाट से जल लेकर अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद, महागामा थाना और हनवारा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से शवों को खाई से बाहर निकाला गया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को भी बाहर लाया गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए गोड्डा भेज दिया है।

