लातेहार:जंगल में दुष्कर्म के बाद महिला की कर दी थी हत्या…दूर का रिश्तेदार ही निकला विधायक प्रतिनिधि की पत्नी का हत्यारा…!
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले में विधायक प्रतिनिधि मनोज यादव की पत्नी की हत्या कर शव को जंगल में छुपाने वाले हत्यारे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।हत्या का आरोपी लक्ष्मण यादव मृतक महिला के पति का रिश्तेदार लगता था लेकिन उसने रिश्ते को कलंकित करते हुए महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया, फिर उसकी कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। आरोपी लातेहार के बारेसांड थाना क्षेत्र अंतर्गत बारेसांड गांव का रहने वाला है।दरअसल, मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक के गारू प्रखंड के विधायक प्रतिनिधि मनोज यादव की पत्नी रिंकी देवी गत 26 सितंबर को अपने गांव से थोड़ी दूर स्थित जंगल में दातुन तोड़ने गई थी, लेकिन वह घर वापस नहीं लौटी। 27 सितंबर को स्थानीय ग्रामीण और पुलिस के द्वारा जब जंगल में खोजबीन शुरू की गई तो महिला का शव बरामद हुआ।
घटना के बाद लातेहार एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा जब मामले का अनुसंधान शुरू किया गया तो उन्हें कुछ साक्ष्य मिले।जिसके आधार पर पुलिस ने बारेसांड निवासी लक्ष्मण यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने पुलिस के सामने अपना अपराध कबूल कर लिया।
डीएसपी शिवपूजन बहेलिया ने बताया कि आरोपी ने पुलिस को बताया कि महिला जंगल में गई थी।इसी दौरान आरोपी भी जंगल में ही पालतू जानवरों के लिए चारा लाने गया था। आरोपी ने महिला को अकेली देखकर उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की लेकिन महिला द्वारा शोर मचाने और इस बात की जनकारी ग्रामीणों को देने की धमकी दी थी, जिसके बाद आरोपी ने महिला की हत्या कर दी।हत्या के बाद आरोपी ने महिला के शव को जंगल के बीच झाड़ियों में छुपा दियाा।आरोपी द्वारा जुर्म कबूलना और उसकी निशानदेही पर हत्याकांड में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक महिला के गुम हो जाने के बाद जब ग्रामीण उसे रात में ही ढूंढने के लिए निकले तो आरोपी लक्ष्मण यादव भी ग्रामीणों के साथ जंगल में महिला को ढूंढने के लिए गया लेकिन वह बार-बार ग्रामीणों से यह कह रहा था कि महिला काफी दूर जंगल में निकल गई होगी।उसकी बात मानकर रात भर ग्रामीण घटनास्थल से काफी दूर जाकर महिला को ढूंढते रहे।
इस दौरान जब ग्रामीण और पुलिस अधिकारी महिला को ढूंढने जंगल में गए तो लक्ष्मण यादव ने उन्हें दिग्भ्रमित करने का प्रयास किया। जिस स्थान पर महिला की हत्या हुई थी उससे थोड़ी ही दूरी पर आरोपी का बाड़ा था, जहां वह अपने जानवरों को रखता था। आरोपी ग्रामीणों से कह रहा था कि इधर महिला नहीं आई थी।लेकिन जब ड्रोन से महिला की खोजबीन शुरू की गई तो उसी स्थान पर महिला का शव पड़ा हुआ मिला। बाद में जब पूरे मामले की छानबीन की गई तो लक्ष्मण यादव ही हत्यारा निकला।
पूरे मामले के खुलासे में डीएसपी शिवपूजन बहेलिया के अलावा थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, महिला थाना प्रभारी सुशीला केसरी, महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार, गारू थाना प्रभारी पारसमणि, सब इंस्पेक्टर विजय कुमार, इंद्र देव रजवार आदि की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

