कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की अकाउंटेंट ने लगाई फांसी, मौत….किसी से वीडियो कॉल पर कर रही थी बात…जांच में जुटी पुलिस
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में कस्तूरबा आवासीय विद्यालय पाटन में बुधवार को एक दुखद घटना सामने आई। स्कूल की अकाउंटेंट प्रियंका कुमारी ने स्कूल कैंपस के शिक्षक क्वार्टर में फांसी लगाकर जान दे दी।घटना के समय प्रियंका के मोबाइल फोन में वीडियो कॉल चालू था। पुलिस ने फोन को जब्त कर लिया है। प्रियंका की पोस्टिंग सिर्फ सात महीने पहले ही इस स्कूल में हुई थी।
बताया जाता है कि प्रियंका की शादी पांच साल पहले कंचन कुमार रजक से हुई थी। उनका ससुराल छतरपुर थाना क्षेत्र के सड़मा गांव में है। वह तीन साल की एक बेटी की माँ थी। वह मेदिनीनगर में किराए के मकान में रहती थी। प्रियंका का मायके गढ़वा जिले के कांडी थानाक्षेत्र के जयनगरा में है। वहीं, पति राँची में रोजगार सेवक है।
मिली जानकारी के अनुसार,बुधवार को प्रियंका 11 बजे के बाद स्कूल पहुंची और क्वार्टर में चली गई। दोपहर करीब 12 बजे उनके पति का फोन स्कूल के गार्ड के पास आया। पति ने बताया कि प्रियंका फोन नहीं उठा रही हैं।गार्ड जब क्वार्टर में पहुंचा तो दरवाजा और खिड़की अंदर से बंद थी। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। वार्डन सुषमा कुमारी और अन्य शिक्षकों को बुलाया गया। एक घंटे की कोशिश के बाद एक मिस्त्री को बुलाया गया।मिस्त्री ने कटर मशीन से खिड़की काटकर अंदर प्रवेश किया तो प्रियंका को फंदे पर लटका पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। उस समय प्रियंका की सांसें चल रही थीं। उन्हें तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।