Ranchi:कोयला कारोबारी बिपिन मिश्रा के ऊपर गोली चलाने वाले 6 अपराधी गिरफ्तार,पुलिस के अनुसार,भागने के दौरान दो अपराधी घायल..
राँची।राजधानी राँची के बरियातू थाना क्षेत्र में 7 मार्च को ग्रीन पार्क से चेशायर होम रोड ऑफिस जाने के क्रम में कोयला व्यवसायी बिपिन मिश्रा पर जानलेवा हमला किया गया था। तीन बाइक सवार अपराधियों ने गोलीबारी की थी। इस कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।घटना का उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने सिटी एसपी राजकुमार मेहता के नेतृत्व में एसआईटी टीम गठन किया गया था। जिसमें आधा दर्जन डीएसपी और कई थानेदार को टीम में शामिल किया गया था।गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।पुलिस के मुताबिक़, एक साथ छह जगह पर जांच शुरू की गई थी। आखिरकार बिहार के दो शूटर सहित 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार अपराधियों में प्रेम प्रकाश पांडे मुख्य साजिशकर्ता है। जिसने अमन साहू गिरोह के संपर्क में आने के बाद इस हत्याकांड को अंजाम देने की साजिश रची थी। उसके साथ रहमान अंसारी, करण कुमार उरांव, अविनाश कुमार ठाकुर, शोभित सिंह और विशाल मुंडा को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद प्रेम प्रकाश पांडे और रहमान अंसारी पुलिस गिरफ्त में आने के बाद भागने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान दोनों घायल हो गए हैं। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से ऑस्ट्रेलिया मेड दो ग्लॉक पिस्टल, एक रेगुलर पिस्टल, एक 7.62 एमएम पिस्टल, 6 मैगजीन, 20 जिंदा गोलियां और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद किया गया है। वहीं पुलिस गिरफ्त में आए 6 अपराधियों में अविनाश कुमार ठाकुर और शोभित सिंह शूटर है, जो बिहार के बक्सर का रहने वाला है।
एसएसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रेम प्रकाश पांडे और रहमान हाल ही में जेल से निकले थे। जेल में ही उनका संपर्क अमन साहू गिरोह के लोगों से हुआ था। प्रेम प्रकाश पांडेय पहले विकास पांडे गिरोह में शामिल था। लेकिन प्रेम प्रकाश के भाई की हत्या पलामू में विकास तिवारी गिरोह के गुर्गे की ओर से ही कर दी गई थी। जिसके बाद से वो बदला लेने की फिराक में था। अमन साहू भी लगातार व्यवसायी विपिन मिश्रा से लेवी मांग रहा था। लेवी नहीं देने की पीछे की वजह विकास तिवारी के सपोर्ट के रूप में बात सामने आई थी। ऐसे में बिपिन मिश्रा, कुख्यात प्रेम प्रकाश पांडे और अमन साहू गिरोह के लिए टारगेट बन गया था। प्रेम प्रकाश पांडे ने व्यवसायी विपिन मिश्रा की रेकी की और उसके बाद हमला किया। जिसमें विपिन मिश्रा और उनके अंगरक्षक घायल हो गए थे।
गिरफ्तार अपराधियों ने ख़ुलासा किया कि अमन साहू गिरोह की ओर से व्यवसायी बिपिन मिश्रा पर हमले के लिए हथियार उपलब्ध कराए गए थे। लेकिन हथियार उपलब्ध कराने का तरीका भी अलग था।बताया कि एक खास जगह पर हथियार रखे गए थे और उसके बाद साजिशकर्ता को इसकी जानकारी दी गई और वहां से हथियार लिया गया। ग्लॉक पिस्टल से ही विपिन मिश्रा पर हमला किया गया था। वही हमला करने के बाद सभी अपराधी राँची से धनबाद चले गए थे। फिर मनाली, करौली और यूपी चले गए।पुलिस का कहना है सभी अपराधी फिर से राँची वापस आ गए सूचना मिलते ही पुलिस ने सभी अपराधियों को धर दबोचा।
एसएसपी ने बताया कि कोयला कारोबारी बिपिन मिश्रा पर हमले की पूरी प्लानिंग अपराधी प्रेम पांडेय के द्वारा की गई थी। प्रेम प्रकाश पांडेय ने गैंगस्टर अमन साव के कहने पर बिपिन मिश्रा पर फायरिंग की थी।प्रेम पांडेय फरवरी 2025 में रामगढ़ जेल से बाहर निकला था।जेल में अमन साव के गुर्गों ने उसे बाहर निकल कर बिपिन मिश्रा पर हमला करने के लिए कहा था।जिसके बाद जेल में ही बंद एक अपराधी करण उरांव के साथ मिलकर प्रेम पांडेय ने बिपिन मिश्रा पर हमले की योजना बनाई थी।जिसमें अन्य चार अपराधियों रहमान अंसारी, शोभित सिंह, विशाल मुंडा और अविनाश कुमार ने मदद की थी।