बोलेरो का चक्का बदल रहे युवक को ट्रक ने रौंदा, मौके पर हुई दर्दनाक मौत

 

दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले के जामा थाना क्षेत्र के बारापलासी गांव के पास दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग एनएच 114 A पर एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई है। मृत युवक की पहचान विशाल यादव (30) के तौर पर की गई है। विशाल को एक ट्रक ने रौंद दिया।जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुमका के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामपुर गांव का रहनेवाला विशाल यादव अपने दोस्तों के साथ बोलेरो में सवार होकर हंसडीहा की ओर जा रहा था।रास्ते में जामा थाना के बारापलासी गांव के समीप उनकी गाड़ी का चक्का पंक्चर हो गया।विशाल यादव बोलेरो से उतरकर चक्का बदलने लगा। सड़क पर कुहासे की वजह से विजिबिलिटी काफी कम थी। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने विशाल को रौंद दिया।घटना के बाद ट्रक चालक तेजी से भाग निकलने में सफल हुआ।

हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रक ने बॉडी को लगभग एक सौ मीटर तक घसीटा।जिससे शव क्षत-विक्षत हो गया। मृत युवक शादीशुदा था और उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं।वहीं घटना की जानकारी मिलते ही जामा थाना पुलिस बल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षत-विक्षत हुए शव को समेट कर पोस्टमार्टम के लिए दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।घटना के बाद मृतक के परिजनों और आसपास के इलाके में शोक की लहर है।

इस संबंध में जामा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि जांच में पता चला है कि कुहासे की वजह से ट्रक चालक बोलेरो का टायर बदल रहे विशाल यादव को नहीं देख पाया और यह हादसा हुआ है।उन्होंने बताया कि बोलेरो में जो लोग सवार थे और स्थानीय लोगों ने इस घटना की जानकारी काफी देर से पुलिस को दी।अगर समय पर जानकारी मिल जाती तो रास्ते में कहीं भी पुलिस ट्रक चालक को पकड़ने में सफल होती। फिर भी हम लोग ट्रक चालक को पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

दरअसल, दुमका में पिछले दो-तीन दिनों से काफी ठंड पड़ रही है।दिन भर कुहासा छाया रहता है। इसी कारण दिन में भी विजिबिलिटी कम रहती है।

error: Content is protected !!