धनबाद: आठ लेन की सड़क पर अचानक बन गया गड्ढा …इलाके में दहशत

 

धनबाद। झारखण्ड में धनबाद नगर निगम की पोल खुल गई। शहर में करोड़ों रुपये की लागत से बनी 8 लेन सड़क एक बार फिर विवादों में आ गई है। धनबाद से भूली जाने वाली मुख्य सड़क के राइट लेन में अचानक बड़ा गड्ढा बन जाने से इलाके में दहशत फैल गई।यह सड़क शहर की प्रमुख और व्यस्त सड़कों में शामिल है, जहां रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क के बीचों-बीच बने इस गड्ढे ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए गड्ढे के चारों ओर ईंट-पत्थर लगाकर अस्थायी घेराबंदी कर दी। लोगों ने अपने स्तर पर सावधानी बरतते हुए वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह भी दी। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि सड़क के बीच में बना गड्ढा काफी गहरा है, जो किसी भी भारी वाहन के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं।उनका कहना है कि करीब 450 से 500 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सड़क में बार-बार खामियां सामने आ रही हैं। लोगों का आरोप है कि निर्माण के दौरान मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण सड़क इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त हो रही है।उन्होंने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

प्राथमिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि सड़क के नीचे की मिट्टी खिसकने या किसी पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण यह गड्ढा बना है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते इसकी जांच और मरम्मत नहीं की गई, तो यह समस्या और गंभीर हो सकती है। फिलहाल प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है, लेकिन स्थायी समाधान अभी तक नहीं हो पाया है।

इस मामले में आरसीडी के इंजीनियर मिथिलेश सिंह ने कहा कि उन्हें सड़क के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिल चुकी है।उन्होंने बताया कि निरीक्षण के लिए टीम को मौके पर भेज दिया गया है और जल्द ही सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा। हालांकि, जब तक मरम्मत पूरी नहीं हो जाती, तब तक इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा बना हुआ है।

इलाके के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की स्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी दोहराई है।

error: Content is protected !!