पिकअप वैन ने खड़े ट्रक में मारी टक्कर, दो महिलाओं की मौत,कई घायल
हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के दारु थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपचो के समीप भीषण सड़क हादसे में दो महिला मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है,वहीं इस दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग में चल रहा है।घटना के संबंध में घायल पिकअप वाहन चालक ने बताया कि ढलाई का काम करने वाले मजदूरों को लेकर जा रहे थे।सभी हजारीबाग में ढलाई का काम करते हैं।काम खत्म होने के बाद 12-13 मजदूर पिकअप वाहन पर सवार होकर अपने घर विष्णुगढ़ जा रहे थे।इसी दौरान पिपचो के समीप सामने से आ रहे एक अन्य वाहन की लाइट से चकमा खा गए और पिकअप वाहन सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया।जिससे घटनास्थल पर ही दो महिला मजदूर मनी कुमारी और ललिता कुमारी की मौत हो गई और आधा दर्जन मजदूर घायल हो गए।
वहीं हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।लोगों ने फौरन घटना की सूचना दारू थाना पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद दारु थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। इधर, हादसे में मृत मजदूरों के परिजन सरकार से मुआवजे की गुहार लगा रहे हैं।
इस संबंध में दारू थाना प्रभारी सफीक खान ने कहा कि दुर्घटना होने के बाद घटनास्थल पर राहत का कार्य चलाया जा रहा है। घायलों के परिजनों से भी संपर्क स्थापित किया जा रहा है, ताकि सभी को सूचना मिल जाए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम होने के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

