जलियांवाला बाग की तरह शांतिपूर्ण सभा में गोले बरसाए-अमर कुमार बाउरी

राँची। भाजपा के युवा आक्रोश रैली के बाद नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में देर शाम प्रेस वार्ता कर कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से सरकार की वादाखिलाफी को लेकर आक्रोश रैली आयोजित की गई थी। जलियांवाला बाग की तरह यहां सरकार के इशारे पर शांतिपूर्ण सभा के अंदर भीड़ के ऊपर ही गोले बरसाए गए। प्रदेश अध्यक्ष जब भाषण दे रहे थे, तभी अराजकता फैलाने की कोशिश सरकार ने की।जलियांवाला बाग दोहराने की कोशिश की गई। बाउरी ने कहा कि युवाओं ने प्रदर्शन किया, तब आंसू गैस नहीं जहरीली गैस छोड़ी गई। इससे पहले कभी यह इस्तेमाल नहीं हुआ होगा। लोगों के दम घुटने लगे। अस्थमा के पेसेंट भी अस्पताल में भर्ती हुए। यह जहरीली गैस कश्मीर में आतंकियों पर इस्तेमाल होता है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ने सीटिंग जज की अध्यक्षता में न्यायिक जांच की मांग की है।

उन्होंने कहा कि पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा, देवघर, पलामू, गिरिडीह, सिंहभूम से कार्यकर्ता इस सम्मेलन में आ रहे थे तो रोका गया। थाने ले जाया गया। ऐसा लगा कि आतंकियों का प्रवेश हो रहा है। अमर कुमार बाउरी ने कहा कि राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस ने यहां पहुंचने से लोगों को रोका, ये लोकतंत्र के लिए काला अध्याय है। मोरहाबादी में कंटीले तारों के साथ मुख्य सड़क को बंद कर दिया गया। कभी झारखण्ड में ऐसा नहीं देखा गया था। निहत्थे लोगों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस ने झामुमो कार्यकर्ता की तरह काम किया। थाना ने चेकिंग के नाम पर युवाओं को सम्मेलन में आने से रोका। ऐसे लोगों के खिलाफ सभी जिलों में एसपी कार्यालय व प्रखंड के थानों के समक्ष शनिवार को सांकेतिक विरोध में सरकार का पुतला फूंका जाएगा। बाउरी ने कहा कि सरकार के इशारे पर जो पदाधिकारी कानून का माखौल उड़ा रहे हैं, उनके विरुद्ध आंदोलन होगा।

भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि मोरहाबादी मैदान में लोकतांत्रिक तरीके से एक शांतिपूर्ण रैली का आयोजन किया था। इस रैली को असफल बनाने में राज्य की दमनकारी और निर्दयी सरकार ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। ऐसा प्रतीत हुआ जैसे हम झारखण्ड में नहीं, बल्कि पाकिस्तान-भारत सीमा पर खड़े हैं। दीपक प्रकाश ने कहा कि यह राज्य की जनता का पुलिस प्रशासन ने एक टूल बनकर उसे रोकने की कोशिश की। घायल पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय, गौतम कुमार (गिरिडीह), कृष्णा राय (जमशेदपुर), गंगेश्वर यादव, मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा (बालूमाथ), राजधर्मणी, जरमुंडी (दुमका) से उन्होंने मुलाकात की।

राँची में बीजेपी कार्यकर्ता और पुलिस के बीच भिड़ंत, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, विधायक समेत कई नेता-कार्यकर्ता घायल,कार्यक्रम में हजारों भाजपा कार्यकर्ता जुटे…