झारखण्ड में कल पहले चरण का मतदान..4 सीटों पर वोटिंग: 45 प्रत्याशी की किस्मत का फैसला करेंगे…64 लाख से ज्यादा वोटर्स….

 

राँची।झारखण्ड में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में चार सीटों सिंहभूम, खूंटी, लोहरदगा और पलामू में कल सोमवार को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक वोटिंग होगी।विभिन्न बूथों पर सुरक्षाकर्मियों और मतदानकर्मियों को भेजे जाने का क्रम जारी है। कुछ जगहों पर शनिवार को ही मतदान कर्मियों को भेज दिया गया है। वहीं आज भी मतदानकर्मी और सुरक्षाकर्मी को भेजा जा रहा है।

पहले चरण की 4 सीटों के लिए 45 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनकी किस्मत का फैसला 64 लाख 37 हजार 460 वोटर्स करेंगे। 519 बूथ पर वोटिंग होगी। सिंहभूम में 122, खूंटी में 210, लोहरदगा में 115 और पलामू में 72 ऐसे मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिस पर सभी निर्वाचनकर्मी महिला होगी।

कल जिन लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव होना है, उनमें खूंटी और लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र है। इस लोकसभा क्षेत्र में राँची जिले के दो विधानसभा आते हैं। ये दो विधानसभा मांडर और तमाड़ है। इन दोनों विधानसभा क्षेत्र में मतदानकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों को भेजा जा रहा है। मोरहाबादी स्थित फुटबॉल स्टेडियम में सभी पीठासीन सहित दूसरे मतदान कर्मियों को इवीएम दिए गए। वहीं मोरहाबादी मैदान में सभी विभिन्न वाहनों से मतदान केंद्रों तक रवाना किया गया है। इस दौरान रांची उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पलामू में 213 मतदान केंद्रों पर कर्मियों को भेजा गया

पलामू लोकसभा सीट के लिए निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान कराने को लेकर प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गई है। गणेश लाल अग्रवाल कॉलेज में डीसी-एसपी ने मतदान कर्मियों को आवश्यक निर्देश देते हुए चुनाव के लिए रवाना किया। पलामू लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत कुल 2427 बूथ बनाये गये हैं जहां 2243034 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

पलामू लोकसभा अंतर्गत छह विधानसभा डाल्टनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा और भवनाथपुर शामिल है। सभी विधानसभा में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।

शनिवार को गणेश लाल अग्रवाल कॉलेज से 213 बूथों के लिए मतदान पार्टी को डिस्पैच किया गया। जबकि आज सभी 2214 बूथों के लिये पोलिंग पार्टी को डिस्पैच कराया जाएगा। इस बार सभी 2427 मतदान केंद्रों पर निर्वाचन कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। वहीं सुरक्षा के लिए 40 कंपनी केंद्रीय बल लगाया गया है।

लोहरदगा में 14 लाख मतदाता के सामने 15 प्रत्याशी यहां भी मतदान की तैयारी अंतिम चरण में है। मतदानकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों को भेजे जाने का क्रम जारी है। लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 324 सहित लोहरदगा जिला के कुल 428 मतदान केंद्र के लिए मतदानकर्मियों को रवाना किया गया है। जिले में 524 मतदान केंद्र नक्सली प्रभावित हैं। यहां केंद्रीय रिजर्व बल के 168 बटालियन की प्रतिनियुक्ति की गई है। आज सभी मतदान केंद्रों पर कर्मियों को भेज दिया जाएगा।

सिंहभूम में हेलीकॉप्टर से भेजे गए चुनावकर्मी

13 मई सोमवार को होने वाले सिंहभूम संसदीय क्षेत्र आम चुनाव करने को लेकर शनिवार सुबह से ही मतदानकर्मियों को बूथ तक भेजा जा रहा है। आज दोपहर तीन बजे तक कर्मियों को भेज दिया गया है। इस लोकसभा में अधिकांश पोलिंग बूथ सेंसेटिव हैं, ऐसे में बूथ तक मतदानगकर्मी सुरक्षित पहुंच सके इसके लिए उन्हें सेना के हेलिकॉप्टर भेजा गया है। इसके लिए पुराना चाईबासा हैलिपैड से पांच सेना की हैलिकॉप्टर से मनोहरपुर, आनंदपुर, छोटानागरा, गुदड़ी आदि क्षेत्रों में 190 मतदान कर्मियों को भेजा गया है। आज भी मतदानकर्मियों को हैलिकॉप्टर, सड़क और रेल से पोलिंग बूथ तक भेजा जा रहा है।

उन चार सीटों को, जहां कल होगा मतदान क्षेत्रवार मतदान केंद्र

सिंहभूम :1715

खूंटी : 1705

लोहरदगा : 1748

पलामू : 2427

कुल मतदान केंद्र : 7595

शहरी मतदान केंद्र : 639

ग्रामीण मतदान केंद्र : 6965

क्षेत्रवार वोटर की संख्या

सिंहभूम : 14.47 लाख वोटर

लोहरदगा : 14.41 लाख वोटर

खूंटी : 13.26 लाख वोटर

पलामू : 22.43 लाख वोटर

कुल वोटर : 64.58 लाख

महिला मतदाता 32.19 लाख

पुरुष मतदाता 32.38 लाख