गिरिडीह में बड़ी डकैती से पहले पुलिस का एक्शन, लॉज में छिपे थे पांच अपराधी,दो पिस्टल, दो कट्टा और सात गोलियों के साथ गिरफ्तार

–इसरी बाजार से बोकारो के तनिष्क ज्वेलर्स तक थी निशाने पर, दो महीने से इलाके में रहकर बना रहे थे लूट की योजना; पुलिस की छापेमारी में तीन बाइक भी जब्त

गिरिडीह। गिरिडीह में बैंक और बड़े ज्वेलरी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे अपराधियों की योजना पर पुलिस ने पानी फेर दिया। डकैती की वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को दबोच लिया। निमियाघाट थाना क्षेत्र के रंगामाटी स्थित जीटी रोड किनारे एक लॉज में छिपे अपराधियों के पास से पुलिस ने दो पिस्टल, दो देसी कट्टा, सात जिंदा गोलियां और तीन बाइक बरामद की हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अपराधियों के निशाने पर गिरिडीह के इसरी बाजार स्थित बैंक और बड़े ज्वेलर्स प्रतिष्ठान के अलावा बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र में स्थित तनिष्क ज्वेलर्स भी था। गिरोह के सदस्य पिछले दो महीने से इलाके में रहकर वारदात की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए प्रतिष्ठानों की रेकी समेत अन्य तैयारियां भी की जा चुकी थीं।

शनिवार को एसपी डॉ. बिमल कुमार ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 27 नवंबर की रात उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि निमियाघाट थाना क्षेत्र के रंगामाटी स्थित एक लॉज में कुछ अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

टीम ने बिना देर किए लॉज में दबिश दी और वहां मौजूद पांचों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और गोलियां बरामद हुईं। पुलिस की इस कार्रवाई से संभावित बड़ी डकैती की वारदात टल गई।

दो महीने से इलाके में रहकर कर रहे थे तैयारी

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पिछले करीब दो महीने से इस इलाके में रह रहे थे। इस दौरान उन्होंने इसरी बाजार के बैंक और बड़े ज्वेलरी प्रतिष्ठानों के साथ बोकारो स्थित तनिष्क ज्वेलर्स को निशाना बनाने की योजना तैयार की थी। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने रेकी और वारदात से जुड़ी अन्य तैयारियां भी कर ली थीं। हालांकि, घटना को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने पूरे गिरोह को पकड़ लिया।

यूपी, बिहार के पांच अपराधी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी 39 वर्षीय आकाश सिंह, बिहार के नालंदा निवासी 20 वर्षीय सुजीत कुमार, वैशाली निवासी 21 वर्षीय जयंती कुमार, 23 वर्षीय प्रियांशु कुमार और 22 वर्षीय रंजन कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के मुख्य आरोपी आकाश सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत पांच मामले दर्ज हैं। वहीं, जयंती कुमार के खिलाफ वैशाली जिले के भगवानपुर थाना में भी मामला दर्ज है।

हथियारों के साथ तीन बाइक जब्त

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्टल, दो देसी कट्टा और सात जिंदा गोलियां बरामद की हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की तैयारी में रखी गई तीन बाइक भी जब्त की गई हैं। इनमें दो अपाची और एक होंडा हॉर्नेट बाइक शामिल है।

एसपी के निर्देश पर बनी थी विशेष टीम

इस कार्रवाई में डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार, डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार, निमियाघाट थाना के पुलिस पदाधिकारी मो. उमर खान सहित निमियाघाट थाना का सशस्त्र बल शामिल था।पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और आपराधिक नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

error: Content is protected !!