जेवीएम श्यामली की 13 वर्षीय छात्रा के लापता होने से मचा हड़कंप, 18 घंटे में राँची पुलिस ने प्रयागराज से किया बरामद; आरोपी युवक भी गिरफ्तार

 

–सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, बाइक से छात्रा को ले जाते दिखा आरोपी; गया होते हुए प्रयागराज पहुंची पुलिस टीम, आरपीएफ की मदद से ट्रेन में पकड़े गए दोनों

राँची।राजधानी राँची में जेवीएम श्यामली स्कूल की आठवीं कक्षा की 13 वर्षीय छात्रा के अचानक लापता होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सुबह स्कूल के गेट पर पहुंचने के बाद छात्रा रहस्यमय तरीके से गायब हो गई थी। परिजनों की शिकायत के बाद डोरंडा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और सीसीटीवी फुटेज से लेकर तकनीकी साक्ष्यों तक की मदद से जांच शुरू की। आखिरकार राँची पुलिस की त्वरित कार्रवाई, लगातार छापेमारी और उत्तर प्रदेश पुलिस एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहयोग से छात्रा को प्रयागराज से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने छात्रा को अपने साथ ले जाने के आरोपी 19 वर्षीय युवक पिटरसन कुमार को भी पकड़ लिया है। महज 18 घंटे के भीतर दूसरे राज्य तक पहुंचकर छात्रा की बरामदगी करना राँची पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

स्कूल के गेट पर उतरी, फिर अचानक हो गई लापता

मामला नामकुम थाना क्षेत्र के अमेठिया नगर इलाके का है। छात्रा के पिता ने 25 नवंबर 2026 को डोरंडा थाने में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आवेदन के मुताबिक, 25 नवंबर की सुबह उनकी 13 वर्षीय बेटी रोज की तरह स्कूल वैन से डोरंडा स्थित जेवीएम श्यामली स्कूल गई थी। सुबह करीब 7:21 बजे वह स्कूल के गेट पर वैन से उतरी। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद 19 वर्षीय पिटरसन कुमार उसे कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अपनी ग्रे रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल (नंबर JH01GT755) पर बैठाकर ले गया। इसके बाद छात्रा का कोई पता नहीं चल पाया।

वैन चालक को दिया गया गलत संदेश, सीसीटीवी ने खोली पोल

स्कूल की छुट्टी के बाद जब छात्रा घर नहीं लौटी तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने स्कूल वैन के चालक से जानकारी ली। चालक ने बताया कि वैन में ही पढ़ने वाले एक छात्र ने छुट्टी के समय उसे बताया था कि छात्रा को लेने उसके पिता स्कूल आ रहे हैं और वह उन्हीं के साथ घर जाएगी।इस जानकारी के बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने स्कूल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में एक अहम सुराग हाथ लगा। घटना से ठीक पहले एक छात्र को आरोपी पिटरसन कुमार की मोटरसाइकिल के पास जाकर उससे बातचीत करते देखा गया। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की दिशा आगे बढ़ाई।छात्रा के पिता ने अपनी शिकायत में मुख्य आरोपी पिटरसन कुमार के अलाव तीन चार छात्र सहित अन्य लोगों की भूमिका पर भी संदेह जताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

रात आठ बजे के बाद पुलिस को मिली सूचना, फिर शुरू हुआ एक्शन

पुलिस सूत्रों के अनुसार, छात्रा सुबह करीब साढ़े सात बजे ही युवक के साथ चली गई थी, लेकिन इसकी जानकारी डोरंडा पुलिस को रात आठ बजे के बाद दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। देर रात तक कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन शुरुआती प्रयास में कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी।

इसके बाद गुरुवार की सुबह डोरंडा थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीमें अलग-अलग दिशाओं में जांच और छापेमारी में जुट गईं। पुलिस ने दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। लगातार फुटेज की जांच के दौरान छात्रा एक युवक के साथ मोटरसाइकिल पर जाती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने युवक की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए तकनीकी अनुसंधान तेज कर दिया।पुलिस ने इसी बीच आरोपी युवक के पिता को पूछताछ के लिए थाना बुलाया गया।

गया से प्रयागराज तक पहुंची पुलिस टीम

जांच में आरोपी युवक की लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने उसका पीछा करना शुरू किया। राँची से निकली पुलिस टीम पहले गया पहुंची और फिर तकनीकी इनपुट के आधार पर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज तक जा पहुंची। राँची पुलिस की ओर से आरपीएफ को सटीक सूचना दी गई। इसके बाद प्रयागराज में आरपीएफ की टीम ने संबंधित ट्रेन में घेराबंदी कर नाबालिग छात्रा और आरोपी युवक को पकड़ लिया।

इस तरह स्कूल से लापता हुई छात्रा को दूसरे राज्य में ट्रेन से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस की टीम ने आरोपी युवक को भी अपने कब्जे में ले लिया। छात्रा की बरामदगी की खबर मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली।

आरोपी भी इसी मोहल्ले का रहने वाला, अलग-अलग स्कूल में करता है पढ़ाई

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पिटरसन कुमार और नाबालिग छात्रा एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। हालांकि दोनों अलग-अलग स्कूलों में पढ़ाई करते हैं। छात्रा जेवीएम श्यामली स्कूल में आठवीं कक्षा की विद्यार्थी है, जबकि 19 वर्षीय आरोपी चुटिया स्थित एलए गार्डन स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता है।

 सीडब्ल्यूसी के समक्ष पेशी, आरोपी से पूछताछ में खुलेंगे कई राज

प्रयागराज में बरामदगी के बाद नाबालिग छात्रा को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद राँची पुलिस की टीम छात्रा और आरोपी युवक को लेकर वापस लौट रही है। पुलिस के अनुसार, टीम के शुक्रवार सुबह तक राँची पहुंचने की संभावना है।

राँची पहुंचने के बाद छात्रा को नियमानुसार उसके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। वहीं आरोपी युवक से पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि छात्रा को स्कूल से ले जाने के पीछे उसकी मंशा क्या थी और इस पूरे घटनाक्रम में अन्य लोगों की कितनी भूमिका रही। शिकायत में जिन अन्य युवकों के नाम सामने आए हैं, उनकी भूमिका की भी जांच की जाएगी।वहीं दर्ज मामले के आधार पर आरोपी युवक को जेल भेजा जाएगा।

एसएसपी के निर्देश पर बनी थी विशेष टीम

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राँची के एसएसपी राकेश रंजन ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद डोरंडा थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, लगातार छापेमारी और दूसरे राज्य की आरपीएफ टीम के साथ समन्वय के जरिए पुलिस ने छात्रा तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

स्कूल के गेट से गायब हुई 13 वर्षीय छात्रा की तलाश में राँची से गया और फिर प्रयागराज तक पुलिस की दौड़, दर्जनों सीसीटीवी फुटेज की जांच और आरपीएफ के साथ समन्वित कार्रवाई ने आखिरकार रंग दिखाया। समय पर मिली सूचना के बाद पुलिस की सक्रियता से नाबालिग छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया गया। अब पुलिस की जांच का अगला फोकस इस पूरे घटनाक्रम की सच्चाई और अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका सामने लाने पर है।

 

error: Content is protected !!