सुप्रीम कोर्ट ने झारखण्ड हाईकोर्ट का फैसला पलटा,चर्चित बिल्डर कमल भूषण हत्या की साजिश के दोषी डबलू कुजूर की जमानत रद्द…
नई दिल्ली/राँची। सुप्रीम कोर्ट ने हत्या और आपराधिक साजिश के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे डबलू कुजूर को दी गई जमानत और सजा के निलंबन के झारखण्ड हाईकोर्ट के आदेश को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने दोषी डबलू कुजूर को 15 दिनों के भीतर ट्रायल कोर्ट के समक्ष आत्मसमर्पण (सरेंडर) करने का निर्देश दिया है। जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की खंडपीठ ने 23 नवंबर 2026 को शिकायतकर्ता पवन कुमार आर्य की ओर से दायर विशेष अनुमति याचिका (SLP Crl. No. 4607/2026) पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया।
कोर्ट की मुख्य टिप्पणियां और आदेश के प्रमुख बिंदु:
हाईकोर्ट के आदेश में खामियां
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि झारखण्ड हाईकोर्ट ने 20 जनवरी 2026 के अपने आदेश में दोषी को जमानत देते समय उसके पिछले आपराधिक रिकॉर्ड और सेशन कोर्ट के निष्कर्षों को नजरअंदाज किया। खंडपीठ ने टिप्पणी की कि हत्या जैसे गंभीर मामले में हाईकोर्ट ने केवल इस आधार पर सामान्य तरीके से सजा निलंबित कर जमानत दे दी कि दोषी मुख्य हमलावर नहीं, बल्कि साजिशकर्ताओं में से एक था। कोर्ट ने इस तथ्य को भी गंभीरता से लिया कि जमानत पर बाहर आने के बाद दोषी डबलू कुजूर ने इस मामले के एक सरकारी गवाह मुनव्वर अफाक को धमकी दी थी।
इन तथ्यों के आधार पर सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के आदेश को निरस्त करते हुए डबलू कुजूर की जमानत रद्द कर दी और उसे 15 दिनों के अंदर निचली अदालत में सरेंडर करने का आदेश दिया।
क्या है पूरा मामला?
ट्रायल कोर्ट (सेशन कोर्ट) ने डबलू कुजूर को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 (हत्या) और 120B (आपराधिक साजिश) के तहत दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और 10,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। इसके बाद झारखण्ड हाईकोर्ट ने 20 जनवरी 2026 को उसकी सजा निलंबित करते हुए उसे जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया था, जिसे शिकायतकर्ता पवन कुमार आर्य ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
इस सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अश्विनी कुमार सिंह और अधिवक्ता चंद्र भूषण प्रसाद ने पक्ष रखा, जबकि प्रतिवादियों की ओर से अधिवक्ता मधुस्मिता बो.रा, चयन सरकार और अन्य वकीलों ने दलीलें पेश कीं

