पूरे परिवार को नहर में फेंका, पति-पत्नी और 9 साल की बेटी की मौत; 13 साल का बेटा पाइप पकड़कर बचा, दो बच्चे अब भी लापता
डेस्क,सूरत।गुजरात के सूरत जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। महाराष्ट्र के जलगांव से सूरत जा रहे एक परिवार के छह सदस्यों को कथित तौर पर अगवा कर उकाई-काकरापार नहर में फेंक दिया गया। इस खौफनाक घटना में पति-पत्नी और उनकी 9 साल की बेटी की मौत हो गई, जबकि 16 साल का बेटा और महज दो साल का बच्चा अब भी लापता हैं। परिवार का 13 वर्षीय बेटा किसी तरह मौत को मात देकर बाहर निकलने में सफल रहा। उसी की आपबीती से इस सामूहिक वारदात का खुलासा हुआ।
घटना बारडोली तालुका के उवा गांव के पास की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, परिवार अपनी मारुति ईको गाड़ी से किसी काम के सिलसिले में सूरत जा रहा था। इसी दौरान दूसरी गाड़ी में सवार चार लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पूरे परिवार को अपने कब्जे में ले लिया और बाद में उन्हें उकाई लेफ्ट बैंक नहर तक ले जाकर पानी में फेंक दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरत ग्रामीण पुलिस ने छह विशेष टीमें और एक तकनीकी टीम गठित की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी परिवार के परिचित थे। हालांकि, वारदात के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
पाइप पकड़कर बचाई जान, पेट्रोल पंप पहुंचकर सुनाई आपबीती
इस पूरी घटना में सबसे चौंकाने वाली बात 13 वर्षीय किशोर का बच जाना है। पुलिस के मुताबिक, परिवार को नहर में फेंके जाने के दौरान किशोर पानी में बहने लगा, लेकिन उसने किसी तरह नहर में मौजूद एक पाइप को पकड़ लिया। काफी मशक्कत के बाद वह बाहर निकलने में सफल रहा और उकाई के पास एक पेट्रोल पंप पहुंचा।
वहां मौजूद लोगों ने उसकी हालत देखकर मदद की और पुलिस को सूचना दी। रविवार सुबह किशोर बारडोली पुलिस के सामने पहुंचा। वह मराठी भाषा में बात कर रहा था। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने जो कहानी बताई, उससे पुलिस भी सकते में आ गई।
किशोर ने बताया कि दूसरी गाड़ी में सवार लोगों ने उनके परिवार की गाड़ी को रास्ते में रोक लिया था। इसके बाद उसके माता-पिता और दो साल के छोटे भाई को एक गाड़ी में बैठाया गया, जबकि उसे, उसके 16 वर्षीय भाई और 9 साल की बहन को दूसरी गाड़ी में बैठाया गया। बाद में तीनों बच्चों को भी नहर में फेंक दिया गया। वह किसी तरह बच निकला, लेकिन उसके दोनों भाई-बहन पानी में बह गए।
पति-पत्नी और 9 साल की बेटी के शव मिले
किशोर की जानकारी के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने नहर में तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान महुवा तालुका के डुंगरी गांव के पास उकाई-काकरापार नहर से तीन शव बरामद किए गए।
मृतकों की पहचान नितिन उर्फ भुरिया पाटिल, उनकी पत्नी कविता पाटिल और 9 वर्षीय बेटी स्वीटी के रूप में हुई। परिजनों ने तीनों शवों की पहचान की। परिवार के दो अन्य बच्चे 16 वर्षीय हरीश और दो वर्षीय प्रथमेश अब भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए नहर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
चार हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम, तीन की पहचान सामने
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात में चार लोग शामिल थे। जीवित बचे किशोर ने आरोपियों की पहचान करने में पुलिस की मदद की है। रिपोर्टों के अनुसार, शिकायत में तीन संदिग्धों के नाम आभा, खांडियो और बंटी बताए गए हैं, जबकि चौथे व्यक्ति की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं हुई है।
महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एरंडोल क्षेत्र से निकला यह परिवार रास्ते में ही हमलावरों के निशाने पर आ गया। पुलिस अब आरोपियों की तलाश के लिए तकनीकी साक्ष्य और किशोर के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
पहले पति की मौत के बाद नितिन के साथ रह रही थी कविता
जांच के दौरान परिवार से जुड़ी एक और जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, कविता के पहले पति संजय पाटिल की मौत हो चुकी थी। इसके बाद वह करीब दो साल पहले नितिन पाटिल के साथ रहने लगी थीं। पहले पति से उनके तीन बच्चे थे। परिवार के साथ नितिन का भी रिश्ता था और सभी एक साथ जलगांव में रह रहे थे।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि परिवार को निशाना बनाने के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई दूसरी वजह थी। पुलिस ने अभी तक वारदात का मकसद आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं किया है। तीन लोगों की मौत और दो बच्चों के लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है।

