राँची में दरोगा के बंद घर में 3 चोरों का धावा, ताला तोड़कर 25-30 लाख के जेवरात-नकदी उड़ाए; CCTV में कैद हुई करतूत
–चुटिया के पटेल कंपाउंड में वारदात, हजारीबाग में पदस्थापित हैं दरोगा शशिकांत प्रसाद; पत्नी बिहार में शिक्षिका, दोनों बेटे बाहर में,घर के दरवाजे से लेकर अलमारी और दीवान तक तोड़े, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
राँची। राजधानी राँची में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब पुलिसकर्मियों के बंद मकान भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। चुटिया थाना क्षेत्र के पटेल कंपाउंड में चोरों ने हजारीबाग में पदस्थापित दरोगा शशिकांत प्रसाद के बंद घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। तीन चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कीमती जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 25 से 30 लाख रुपये या उससे अधिक बताई जा रही है। सबसे अहम बात यह है कि घर में लगे CCTV कैमरे में तीन संदिग्ध चोरों की गतिविधियां कैद हुई हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
बंद मकान को बनाया निशाना, ताला तोड़कर अंदर घुसे तीन चोर
मिली जानकारी के अनुसार, दरोगा शशिकांत प्रसाद का मकान बंद था। इसी का फायदा उठाकर तीन चोरों ने घर को निशाना बनाया। चोरों ने पहले घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और फिर अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद घर के कमरों में रखे सामान को खंगालना शुरू कर दिया। अपराधियों ने एक-एक कर अलमारी और दीवान के ताले तोड़े तथा उनमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।चोरों ने घर में जमकर उत्पात मचाया। कमरों में सामान बिखेर दिया गया और कीमती जेवरात की तलाश में अलमारियों को तोड़ डाला। वारदात को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने घर के भीतर काफी समय बिताया और इत्मीनान से चोरी की घटना को अंजाम दिया।
अलमारी से लेकर दीवान तक तोड़े, जेवरात और नकदी गायब
दरोगा के घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी होने की बात सामने आई है। पीड़ित परिवार की ओर से दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, चोरी गए सामान में सोने का हार सेट, कान के झुमके, चूड़ी, अंगूठी, मंगटीका, नथिया, चेन, कान के टॉप्स और अन्य आभूषण शामिल हैं।चांदी के सामान में करधनी, पायल, बिछिया, ब्रेसलेट सहित कई आभूषण चोरी होने का उल्लेख है। इसके अलावा घर में रखी करीब 45 हजार रुपये नकदी भी गायब बताई गई है। आवेदन में चोरी गए सामान की विस्तृत सूची दी गई है। कुल नुकसान का आकलन करीब 25 से 30 लाख रुपये या उससे अधिक बताया जा रहा है।
दरोगा की पत्नी ममता देवी के अनुसार, पटेल कंपाउंड स्थित मकान में पुट्टी का काम कराने के बाद 21 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 5:30 बजे घर के सभी कमरों में ताला बंद कर अपने देवर अनिल कुमार गुप्ता के साथ छपरा चली गई थीं। 27 अक्टूबर की सुबह करीब 5 बजे उनके एक देवर ने मोबाइल पर सूचना दी कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। इसके बाद पता चला कि घर के अंदर के कमरों के ताले भी टूटे हुए हैं और सामान बिखरा पड़ा है। चोरों ने बक्से, अलमारी और गोदरेज का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 45 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।चोरी गए सामान में सोने का हार सेट दो, कान के आभूषण, चूड़ी, मंगटीका, नथिया, चेन, अंगूठी, कान के टॉप्स और झुमके शामिल हैं। वहीं, चांदी के आभूषणों में तीन सेट करधनी, दो जोड़ी पायल, तीन जोड़ी दुल्हन पायल, 14 जोड़ी साधारण पायल, 20 पीस बिछिया और एक ब्रेसलेट शामिल हैं। आवेदन में बताया गया है कि 26 और 27 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब 12:45 बजे CCTV फुटेज देखने पर घर में तीन चोरों के घुसने की जानकारी मिली। पीड़िता ने चुटिया थाना प्रभारी से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
रिश्तेदार ने सुबह देखा टूटा ताला, अंदर का नजारा देखकर उड़े होश
घटना का खुलासा तब हुआ, जब सुबह दरवाजे का ताला टूटा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद रिश्तेदार घर के अंदर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। घर के कई ताले टूटे पड़े थे। अलमारियों और दीवान को तोड़ दिया गया था तथा कमरों में सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद परिवार को घटना की जानकारी दी गई।घर में चोरी की सूचना मिलते ही परिवार के लोग परेशान हो गए। मामले को लेकर दरोगा की पत्नी की ओर से चुटिया थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
CCTV में दिखे तीन संदिग्ध, पुलिस खंगाल रही फुटेज
इस चोरी की जांच में CCTV फुटेज अहम सुराग साबित हो सकता है। घर में लगे कैमरे में तीन संदिग्ध चोर दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। वारदात के दौरान चोरों ने CCTV कैमरे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी की। हालांकि, उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद हो गईं।अब पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तीनों चोर किस रास्ते से आए थे और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए। आसपास के इलाकों में लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी जांच के लिए महत्वपूर्ण हो सकती है।
चुटिया पुलिस और FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने के बाद चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। FSL की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस घर के टूटे तालों, अलमारियों और अन्य स्थानों की जांच कर रही है, ताकि अपराधियों तक पहुंचने के लिए ठोस सुराग मिल सकें।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। CCTV फुटेज के आधार पर तीनों संदिग्धों की पहचान, चोरी गए जेवरात की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस के सामने प्रमुख चुनौती है।

