बर्थडे पार्टी के बाद खूनी खेल, बाइक की चाबी बनी विवाद की वजह; चाकूबाजी में होटल कर्मचारी की मौत, दो गिरफ्तार
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज में जन्मदिन की पार्टी खत्म होने के बाद बाइक की चाबी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। नगर थाना क्षेत्र के बंजारी मोड़ स्थित होटल राजीव रीजेंसी में हुए विवाद के दौरान 22 वर्षीय रेस्टोरेंट कैप्टन अनीश सिंह पर चाकू से हमला कर दिया गया। आरोप है कि होटल के दो कर्मचारियों ने उसकी पीठ पर चाकू से तीन वार किए। गंभीर रूप से घायल अनीश ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचा एक अन्य युवक सोनू कुमार भी घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में होटल कर्मचारी राहुल कुमार और गौतम कुमार को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात होटल कर्मचारी राहुल कुमार का जन्मदिन था। होटल में जन्मदिन की पार्टी हुई थी। पार्टी खत्म होने के बाद बाइक की चाबी को लेकर राहुल और अनीश के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि राहुल ने अनीश से बाइक की चाबी मांगी, लेकिन अनीश ने चाबी काउंटर पर जमा करने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान होटल के किचन में राहुल कुमार और गौतम कुमार ने अनीश पर चाकू से हमला कर दिया। उसकी पीठ पर लगातार तीन वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। अचानक हुई इस घटना से होटल में अफरातफरी मच गई।
अनीश पर हमला होते देख सोनू कुमार बीच-बचाव करने पहुंचा। इस दौरान उसके हाथ में भी चोट लग गई। आनन-फानन में दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अनीश की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घायल सोनू का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
तीन महीने पहले ही होटल में शुरू की थी नौकरी
मृतक अनीश सिंह हथुआ थाना क्षेत्र के टड़वा गांव का रहने वाला था। वह स्वर्गीय बिजेंद्र सिंह का पुत्र था और पिछले तीन महीने से होटल राजीव रीजेंसी में रेस्टोरेंट कैप्टन के रूप में काम कर रहा था। वहीं, घायल सोनू कुमार उसरी गांव का निवासी बताया गया है।
अनीश की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। होटल परिसर और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। जिस होटल में कुछ देर पहले तक जन्मदिन की पार्टी का माहौल था, वहां हत्या की घटना के बाद तनाव और अफरातफरी की स्थिति बन गई।
होटल के बाहर शव रखकर परिजनों का धरना
अनीश की मौत से आक्रोशित परिजनों ने होटल के बाहर शव रखकर धरना दिया। परिजन होटल मालिक और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है।
पुलिस ने हत्या के मामले में दोनों आरोपी कर्मचारियों राहुल कुमार और गौतम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

