राँची में कुएं से पानी लेने पर विवाद, महिला ने लगाया जातिसूचक गाली और मारपीट का आरोप; पांच पर FIR

 

राँची। राजधानी राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र में कुएं से पानी लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। सेक्टर-2 पंप हाउस के पास रहने वाली महिला ने अपने पड़ोसियों पर पानी लेने से रोकने, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर धुर्वा थाना पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता का अपने पड़ोसियों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। महिला का आरोप है कि उन्हें कुएं से पानी लेने से रोका जाता था और विरोध करने पर गाली-गलौज की जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि पड़ोसी उन्हें छोटी जाति का कहकर अपमानित करते थे। घर के बाहर कपड़े सुखाने जैसी छोटी-छोटी बातों को लेकर भी विवाद और धमकी दिए जाने की शिकायत की गई है।

महिला ने अपनी शिकायत में 23 जुलाई 2026 की शाम करीब छह बजे हुए विवाद का जिक्र किया है। इसके बाद 26 जुलाई को भी गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, 10 अक्टूबर को दोपहर करीब तीन बजे फिर विवाद हुआ। महिला का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जातिसूचक शब्द कहे गए और जान से मारने की धमकी दी गई।

प्राथमिकी में उपेंद्र यादव, अमरेंद्र कुमार, रेमा देवी, आदित्य और अमन उर्फ अंशु को नामजद किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 351(2), 352 और 3(5) के साथ एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और पूरे विवाद की पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। प्राथमिकी में दर्ज आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

error: Content is protected !!