देवघर में बेखौफ अपराधियों का तांडव…JMM नेता के घर आधी रात धावा, बेटे की कनपटी पर पिस्टल और महिला पर चाकू से हमला

–छत के रास्ते घुसे 4 नकाबपोश बदमाश, मां-बेटे समेत परिवार को बनाया बंधक; दो लाख नकद, सोने-चांदी के जेवर और डेढ़ लाख का iPhone लूटकर फरार

देवघर। झारखण्ड के देवघर में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है। नगर थाना क्षेत्र के बेलबगान में गुरुवार की देर रात करीब डेढ़ बजे चार नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने झामुमो नेता ओमकार वर्णवाल के घर पर धावा बोल दिया। छत के रास्ते घर में दाखिल हुए बदमाशों ने पूरे परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। विरोध करने पर महिलाओं पर चाकू से हमला किया और नेता के बेटे सम्राट शिवम की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद अपराधियों ने घर में जमकर लूटपाट की और नकदी, सोने-चांदी के जेवरात तथा महंगा मोबाइल लेकर फरार हो गए।

बेटे की कनपटी पर पिस्टल, विरोध किया तो महिला को मारा चाकू

घटना के वक्त ओमकार वर्णवाल घर पर मौजूद नहीं थे। घर में उनकी पत्नी मंजू देवी, बेटे सम्राट शिवम और मां गिरजा देवी सो रहे थे। इसी दौरान चार अपराधी छत के रास्ते घर में घुस आए। सभी ने चेहरे ढक रखे थे। तीन बदमाशों के हाथ में हथियार थे, जबकि चौथा चाकू लिए हुए था।घर में घुसते ही अपराधियों ने परिवार के सदस्यों को अपने कब्जे में ले लिया। सम्राट शिवम की कनपटी पर पिस्टल सटाकर धमकी दी गई कि हिलने की कोशिश की तो गोली मार देंगे। परिवार के सदस्यों ने विरोध किया तो अपराधी हिंसक हो गए। मंजू देवी के हाथ पर चाकू से वार कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के दौरान ओमकार वर्णवाल की मां गिरजा देवी भी जख्मी हो गईं।

गोदरेज की चाबी नहीं मिली तो रॉड से तोड़ दिया लॉकर
लूटपाट के दौरान अपराधियों ने गोदरेज की चाबी मांगी। परिवार ने चाबी नहीं होने की बात कही तो बदमाश भड़क उठे। इसके बाद उन्होंने रॉड से गोदरेज तोड़ दिया और उसमें रखे करीब दो लाख रुपये नकद, सोने का कंगन, मांगटीका समेत अन्य जेवरात लूट लिए।अपराधियों ने मंजू देवी के गले से सोने की चेन, कान की बालियां, अंगूठी और पायल उतरवा ली। गिरजा देवी को भी निशाना बनाते हुए उनके गले की चेन, कान की बालियां और पायल लूट ली गई। सम्राट शिवम के गले से चांदी की चेन और ब्रेसलेट भी उतरवा लिया गया। बदमाशों ने करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का आईफोन भी छीन लिया।बताया जाता है कि शिवम ने अपराधियों से मोबाइल लौटाने की गुहार लगाई तो उन्होंने जाते समय गाड़ी में मोबाइल छोड़ देने की बात कही। हालांकि, अपराधी लूटपाट के बाद मौके से फरार हो गए।

कोड वर्ड में बात कर रहे थे बदमाश, एक था काफी लंबा-चौड़ा
पीड़ित परिवार के अनुसार, चारों अपराधियों की उम्र करीब 30 से 40 वर्ष के बीच थी। इनमें एक बदमाश काफी लंबा और तगड़ा था। वारदात के दौरान अपराधी आपस में बहुत कम बातचीत कर रहे थे। वे एक-दूसरे से कोड वर्ड में बात कर रहे थे, ताकि उनकी भाषा और बातचीत को समझना मुश्किल हो।अपराधियों के इस तरीके से पुलिस को उनकी पहचान और वारदात के दौरान अपनाई गई रणनीति की जांच करनी होगी।

घटनास्थल पर छूटी चप्पल, संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना रात करीब दो बजे पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से पूछताछ की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान पुलिस को एक जोड़ी चप्पल मिली। परिवार के सदस्यों ने चप्पल को घर के किसी सदस्य का होने से इनकार किया है। पुलिस इसे जांच के संभावित सुराग के तौर पर देख रही है।जांच के दौरान पुलिस को बंपास टाउन मोहल्ले में एक संदिग्ध के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम वहां पहुंची, लेकिन तब तक संदिग्ध फरार हो चुके थे। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।

चार दिनों में दूसरी बड़ी वारदात, पुलिस के सामने चुनौती
देवघर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नंदन पहाड़ स्थित एसबीआई एटीएम मशीन लूटकांड की जांच में पुलिस पहले से जुटी हुई थी। इसी बीच JMM नेता के घर हुई इस बड़ी लूट ने सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।चार दिनों के भीतर दूसरी बड़ी वारदात से अपराधियों के बढ़ते हौसले की चर्चा तेज हो गई है। घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाना, बेटे की कनपटी पर पिस्टल सटाना और महिलाओं पर चाकू से हमला कर जेवर लूट लेना घटना की गंभीरता को दर्शाता है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती चारों अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना और लूटे गए सामान की बरामदगी करना है।

error: Content is protected !!