बेटी को स्कूल छोड़ने निकली माँ, रास्ते में फूफेरे भाई ने रची खौफनाक साजिश; दुष्कर्म के बाद रसगुल्ला खिलाकर बेहोश करने का आरोप,एक गिरफ्तार…

गिरिडीह। झारखण्ड के गिरिडीह से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि देवघर में अपनी चार साल की बेटी को स्कूल छोड़ने जा रही एक महिला को उसके ही फूफेरे भाई ने बहला-फुसलाकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया और गिरिडीह ले आया। इसके बाद उसे अपनी दुकान में बने कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। महिला ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई और बाद में कुछ अन्य युवकों के साथ संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया गया।

मामला धनवार थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना 1 अक्टूबर की है, जबकि पीड़िता के बयान के आधार पर 7 अक्टूबर को धनवार थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी फूफेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दो अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

स्कूल छोड़ने निकली थी बेटी, रास्ते में मिला फूफेरा भाई
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि उसका मायका गिरिडीह में है, जबकि ससुराल देवघर जिले में है। 1 अक्टूबर को वह अपनी चार साल की बेटी को स्कूल छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसका फूफेरा भाई मिला। आरोप है कि उसने महिला को अपनी गाड़ी में बैठा लिया और फिर उसे गिरिडीह ले आया।महिला के मुताबिक, आरोपी उसे अपनी दुकान पर ले गया। दुकान में बने एक कमरे में उसे रखा गया और वहां उसके साथ कथित तौर पर जबरदस्ती की गई।

‘कुछ और लड़कों के साथ संबंध बनाओ’, विरोध करने पर मारपीट का आरोप

पीड़िता ने पुलिस के समक्ष दिए बयान में आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसके फूफेरे भाई ने उस पर कुछ अन्य युवकों के साथ भी संबंध बनाने का दबाव बनाया। महिला ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है।महिला का यह भी आरोप है कि इसके बाद तीन-चार युवक वहां पहुंचे। उसके मुताबिक, उसे रसगुल्ला खाने के लिए दिया गया। महिला ने पुलिस को बताया कि रसगुल्ला खाने के बाद वह बेहोश हो गई और अगले दिन शाम करीब चार बजे उसे होश आया।

डर के कारण चुप रही, फिर परिवार को बताई पूरी घटना
पीड़िता के अनुसार, होश में आने के बाद वह काफी डरी हुई थी। घटना के बाद उसने अपने परिवार के सदस्यों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिवार के साथ विचार-विमर्श करने के बाद उसने पुलिस के समक्ष जाने का फैसला किया।7 अक्टूबर को महिला ने महिला थाना प्रभारी के समक्ष अपना फर्द बयान दर्ज कराया। इसके बाद मामले को लेकर धनवार थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

एसपी ने बनाई विशेष टीम, कई थानों के अधिकारी जांच में जुटे
मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए विशेष टीम गठित की। टीम में खोरी महुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार, सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, महिला थाना प्रभारी दीपमाला कुमारी, बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार, हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र और धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार सिंह समेत कई पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया।विशेष टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी करते हुए मुख्य आरोपी फूफेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस बोली- जांच में जो दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ होगी कार्रवाई

खोरी महुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि महिला ने अपने फूफेरे भाई समेत कुछ अन्य लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।एसडीपीओ ने कहा कि जांच के दौरान जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस महिला के लगाए गए सभी आरोपों की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों तथा अन्य आरोपियों की भूमिका का सत्यापन किया जा रहा है।

 

error: Content is protected !!