लातेहार पुलिस, CCL और SISF का अवैध कोयला कारोबार पर बड़ा एक्शन, 5 कोयला लोड हाइवा जब्त

 

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर लातेहार पुलिस,सीसीएल और एसआईएसएफ की संयुक्त टीम ने बीती रात विशेष अभियान चलाकर पांच अवैध कोयला लोड हाइवा जब्त किए हैं। कार्रवाई के बाद अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध तरीके से कोयले के परिवहन और कारोबार की लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद पुलिस ने सीसीएल और एसआईएसएफ के साथ मिलकर विशेष अभियान शुरू किया। इसी अभियान के तहत बीती रात पुलिस टीम ने सीसीएल सिक्योरिटी और एसआईएसएफ के जवानों के साथ मिलकर मगध कोलियरी के आसपास के इलाकों में छापेमारी की।
इसी दौरान मगध कोलियरी से कुछ दूरी पर संदिग्ध तरीके से खड़े पांच हाइवा नजर आए। जांच के दौरान सभी हाइवा में कोयला लदा पाया गया। कोयले से संबंधित आवश्यक दस्तावेज और परिवहन को लेकर संदेह होने पर टीम ने पांचों हाइवा को जब्त कर लिया।

कार्रवाई के बाद सभी जब्त हाइवा को अमरवाड़ीह पुलिस पिकेट ले जाया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बालूमाथ थाना में कांड दर्ज किया गया है। पुलिस अब जब्त कोयले और हाइवा से जुड़े दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि कोयला कहां से लोड किया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था।

पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन, कोयला तस्करी और बिना वैध कागजात के कोयला परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

error: Content is protected !!