गोकशी की तैयारी में थे 6 बदमाश, पुलिस से मुठभेड़… 3 का हाफ एनकाउंटर, 3 गिरफ्तार
डेस्क/हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में गोकशी की तैयारी कर रहे बदमाशों और पुलिस के बीच सोमवार तड़के मुठभेड़ हो गई। गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के पावटी गांव स्थित आम के बाग में पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। वहीं घेराबंदी कर पुलिस ने मौके से तीन अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ के बाद मौके से एक जीवित प्रतिबंधित पशु, तीन अवैध हथियार, खोखा-कारतूस, होंडा सिटी कार, बाइक और पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आम के बाग में चल रही थी गोकशी की तैयारी
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह के अनुसार, सोमवार तड़के गढ़मुक्तेश्वर पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि पावटी गांव के आम के बाग में कुछ बदमाश प्रतिबंधित पशु के कटान की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बाग को घेर लिया। पुलिस की मौजूदगी का एहसास होते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें तीन बदमाशों को गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर बाकी तीन आरोपियों को भी दबोच लिया।
तीन को लगी गोली, तीन अन्य भी गिरफ्तार
घायल बदमाशों की पहचान हापुड़ नगर की आवास विकास कॉलोनी निवासी नईम, मेरठ के देहली गेट निवासी जमील और गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी निवासी बिलाल के रूप में हुई है।वहीं पुलिस ने मेरठ के लिसाड़ी गेट निवासी मोहम्मद परवेज, गढ़मुक्तेश्वर के अठसैनी गांव निवासी सोनू और मसूरी की जाकिर कॉलोनी निवासी आहत को भी गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक घायल तीनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
चार दर्जन मुकदमों से जुड़ा आपराधिक नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी कोई नए अपराधी नहीं हैं। इनके खिलाफ हापुड़ समेत कई जिलों में गोकशी, हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में करीब चार दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस के अनुसार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड हापुड़, मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, कुशीनगर और हरियाणा तक फैला हुआ है।
फिलहाल गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद हथियार, वाहन और कटान के उपकरण कब्जे में लेकर पुलिस आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और पूर्व की घटनाओं से जुड़े कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है।

